29 Mar 2024, 00:09:01 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सर्विसेज स्पोर्ट्स ने एयर इंडिया को 3-1 से हराकर जीता खिताब

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 3 2020 12:44AM | Updated Date: Feb 3 2020 12:44AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी के ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही 10 सीनियर राष्ट्रीय पुरूष हॉकी चैम्पियनशिप 2020 (ए डिवीजन) के फाइनल में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससी) ने एक के मुकाबले तीन गोलों से एयर इंडिया को शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा किया। मैच में शुरूआत से ही एसएससी के लड़के हावी रहे और 33वें मिनट में राहुल कुमार राजभर ने मैदानी गोल मारकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके ठीक 10 मिनट बाद प्रीत सिंह जोवन ने मैदानी गोल कर बढ़त का अंतर 2-0 कर दिया। इस गोल के दो मिनट बाद ही अजिंक्य जाधव ने गोल दागा और अपनी टीम का स्कोर 3-0 पहुंचा दिया।

इसके बाद एयर इंडिया की टीम ने ताबड़तोड़ कई जवाबी हमले किये लेकिन किसी भी मौके को वह गोल में नहीं बदल पाये। एयर इंडिया की ओर से विष्णु सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 3-1 कर दिया लेकिन इसके बाद टीम वापसी नहीं कर पायी और मैच उसके हाथ से निकल गया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 50 हजार और उपविजेता को 30 हजार के पुरस्कार से सम्मानित किया। मैच के दौरान गोल करने वाले हर खिलाड़ी को प्रोत्साहन के रूप में पांच हजार की राशि प्रदान की गयी।

इसके अलावा प्रतियोगिता के दौरान सर्वश्रेष्ठ खिलाडी और सर्वश्रेष्ठ फुलबैक का पुरस्कार एसएससी के जुगराज सिंह को ,सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब एयर इंडिया के एल्ड्रियन डिसूजा को, सर्वश्रेष्ठ हाफ बैक पंजाब एंड सिंध बैंक के गुर्मिल सिंह को और सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का खिताब एयर इंडिया के रहील मोहम्मद को दिया गया। हॉकी इंडिया और उत्तर प्रदेश के खेल विभाग के संयोजन से 11 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता के समापन समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर हॉकी उत्तर प्रदेश के महासचिव आर पी सिंह भी उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया और इस दौरान महापौर रामतीर्थ सिंघल, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, संयुक्त मजिस्ट्रेट शाद मियां खान सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »