20 Apr 2024, 04:18:40 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

बेंगलुरु की लगातार चौथी हार, इस बार ईस्ट बंगाल ने हराया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 10 2021 12:50AM | Updated Date: Jan 10 2021 12:51AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

फातोरदा। मैटी स्टीमन के एकमात्र विजयी गोल की मदद से एससी ईस्ट बंगाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पूर्व चैम्पियन बेंगलुरु एफसी को 1-0 से हरा दिया। बेंगलुरु की आईएसएल के सातवें सीजन में यह लगातार चौथी हार है। 

ईस्ट बंगाल पिछले तीन मैचों से अजेय है। टीम की 10 मैचों में यह दूसरी जीत है और अब वह 10 अंकों के साथ तालिका में नौवें नंबर पर है। अपने मुख्य कोच कार्लोस कुआड्रॉर्ट से अलग होने के बाद भी पूर्व चैम्पियन बेंगलुरु की हार का सिलसिला जारी है। बेंगलुरु को 10 मैचों में लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी है। टीम 12 अंकों के साथ छठे नंबर पर है।

पहली बार फातोरदा में खेलने उतरी ईस्ट बंगाल के लिए सातवें मिनट में नारायण दास और इसके आठ मिनट बाद ही बेंगलुरु के क्लाइटन सिल्वा अपनी-अपनी टीमों के लिए खोलने का मौका गंवा बैठे। लेकिन मैटी स्टीमन ने 20वें मिनट में दास के क्रॉस पर शानदार गोल करके ईस्ट बंगाल को 1-0 से आगे कर दिया। स्टीमन का सीजन का यह तीसरा गोल था।

इस गोल के बाद बेंगलुरु बराबरी का गोल दागने के लिए बैचेन हो रही थी और इसी क्रम में 20वें मिनट में उसके अजीत कुमार और फिर अगले मिनट में डिमास डेलगेडो को येलो कार्ड दिखाया गया। निलंबन के कारण बैंच पर ही इस मैच को देख रहे कोच रॉबी फॉलर ईस्ट बंगाल के प्रदर्शन से खुश दिखाई दे रहे थे। अपने मुख्य कोच की अनुपस्थिति के बाद भी ईस्ट बंगाल ने अपना आक्रमण जारी रखा। 26वें मिनट में कोलकाता की दिग्गज टीम अपनी बढ़त को दोगुना करने के करीब थी, लेकिन दास बॉल को नेट में नहीं डाल पाए।

इसके बाद 40वें मिनट में बेंगलुरु के तीसरे खिलाड़ी एरिक पार्तालू को येलो कार्ड दिखाया गया और फिर ईस्ट बंगाल ने स्टीमन के सीजन के तीसरे गोल के सहारे हाफ टाइम तक 1-0 की बढ़त को कायम रखा। दूसरे हाफ में बेंगलुरु दो बदलाव के साथ उतरी और कप्तान सुनील छेत्री सब्स्टीटयूट क्रिस्टियन ओप्सेथ के असिस्ट पर बॉल को गोल में डालने का अवसर खो बैठे। छेत्री ने इसके बाद 58वें मिनट में भी एक हमला किया, लेकिन ईस्ट बंगाल के गोलकीपर देबजीत मजूमदार ने इसे विफल कर दिया। बेंगलुरु के खिलाड़यिों ने बराबरी का गोल दागने के लिए आगे भी कई मौके बनाए, लेकिन वे ईस्ट बंगाल की डिफेंस को भेद नहीं पा रहे थे। 

78वें मिनट में बेंगलुरु के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने शानदार सेव करके ईस्ट बंगाल की बढ़त को दोगुना नहीं होने दिया। 85वें मिनट में बेंगलुरु के पार्तालू अपनी टीम को बराबरी नहीं दिला पाए। इसके बाद मुकाबला इंजरी टाइम में चला गया, जहां ईस्ट बंगाल ने अपने मुख्य कोच के बिना भी जीत हासिल करते हुए सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली और बेंगलुरु को लगातार चौथी हार झेलने पर मजबूर कर दिया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »