19 Mar 2024, 15:26:51 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

मुम्बई टॉप-4 में मजबूत, जमशेदपुर का सफर समाप्त

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 7 2020 1:50PM | Updated Date: Feb 7 2020 1:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुम्बई। विद्यानंद सिंह के इंजरी टाइम में किए गए शानदार गोल की मदद से मुम्बई सिटी एफसी ने गुरुवार रात मुम्बई फुटबाल एरेना में खेले गए रोमांचक मैच में जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हरा दिया। इस जीत ने जहां मुम्बई को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन की अंक तालिका में टॉप-4 में मजबूत किया है वहीं जमशेदपुर का सफर समाप्त हो गया है। मुम्बई का यह 16वां मैच था। उसने सातवीं जीत के साथ अपने कुल अंकों की संख्या 26 कर ली है  और वह मजबूती से चौथे पायदान पर विराजमान है। उसके तथा पाचवें स्थान पर कायम चेन्नइयन एफसी (14 मैच, 21 अंक) के बीच अब पांच अंकों का फासला बन गया है। जमशेदपुर का यह 15वां मैच था और लगातार तीसरी हार ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। इस टीम के खाते में 16 अंक हैं।

पहला हाफ जमशेदपुर एफसी के पक्ष में 1-0 से समाप्त हुआ। यह गोल उसने सातवें मिनट में पेनल्टी पर किया। बेशक जमशेदपुर ने इस हाफ में अधिक मौके नहीं बनाए लेकिन उसने अपने हक में आए एक मौके को पूरी तरह भुनाया और लीड के साथ दूसरे हाफ में प्रवेश करने में सफल रहा। जमशेदपुर ने दूसरे मिनट में ही पहला हमला किया था लेकिन सर्गियो कास्टेल का वह प्रयास सीधे गोलकीपर अमरिंदर सिंह के हाथों में चला गया। चौथे मिनट में मुम्बई ने गोल कर दिया था लेकिन रेफरी ने पाया कि अमीन चेरमीती ऑफ साइड हैं। पांचवें मिनट में सौरव दास ने बॉक्स के अंदर फारूख चौधरी को गलत तरीके से गिराया, जिस पर मुम्बई के खिलाफ पेनल्टी मिली और इस पर सातवें मिनट में गोल करते हुए नोए एकोस्टा ने जमशेदपुर एफसी को आगे कर दिया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »