नई दिल्ली। हर साल इस गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के राजपथ पर जब हम परेड करते जांबाज फौजियों के दमखम को देखते हैं। उनके शौर्य और समर्पण की गाथा सुनते हैं,तो कहीं न कहीं मन में यह खयाल आता है कि हम भी इन वीर जवानों की तरह अपने देश के लिए कुछ करें। अगर आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं, तो आइए जानें,सेना,वायु सेना और नौ सेना में कैसे आप भी देश सेवा करते हुए एक कमीशंड अफसर बनकर अपना करियर बना सकते हैं।
आर्मी में किसी भी युवा की कमीशंड आफिसर के रूप में सबसे पहली नियुक्ति लेफ्टिनेंट पद पर होती है। फिर सेवाकाल के दौरान अनुभव, योग्यता और उपलब्धियों के आधार पर क्रमश: कैप्टन, मेजर, लेफ्टिनेंट कर्नल, कर्नल, बिग्रेडियर, मेजर जनरल, लेफ्टिनेंट जनरल तथा जनरल के पदों पर पदोन्नति होती है। आर्मी में जनरल या सेना प्रमुख का पद सर्वोच्च कमीशंड पद होता है।