29 Mar 2024, 07:01:15 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

यूपी-दिल्ली बढ़े अनलॉक की ओर, आज से खुलेंगे माल, पार्क और रेस्टोरेंट, जानें अन्‍य राज्‍यों का हाल

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 21 2021 12:15AM | Updated Date: Jun 21 2021 12:45PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण का खतरा जैसे-जैसे कम हो रहा है, ज्यादातर राज्य अनलाक की तरफ बढ़ रहे हैं। सोमवार से राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पार्क और माल आदि खुल जाएंगे। हरियाणा और उत्तराखंड ने कुछ और रियायतों के साथ लाकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के आठ जिलों शोपियां, गांदरबल, बांडीपोरा, जम्मू, सांबा, कठुआ, रियासी और ऊधमपुर में अब वीकेंड कर्फ्यू की जगह रात का कर्फ्यू जारी रहेगा।

दिल्ली सरकार ने अनलाक-4 के तहत छूट का दायरा और बढ़ा दिया है। सोमवार से बाजार, मार्केट काम्प्लेक्स, माल, बार, रेस्टोरेंट, पार्क, गार्डन और गोल्फ क्लब भी खुल सकेंगे। रेस्टोरेंट और बार रात 10 बजे खुलेंगे। स्कूल, कालेज, एजुकेशनल, कोचिंग और ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट बंद रहेंगे। सभी सार्वजनिक आयोजनों पर भी पाबंदी होगी। हालांकि सिनेमा, जिम, स्पा सहित अन्य कई गतिविधियां और सेवाएं 28 जून सुबह पांच बजे तक बंद ही रहेंगी।

उत्तर प्रदेश में करीब पचास दिन बाद सोमवार को माल, रेस्टोरेंट, पार्क आदि खोले जाएंगे। सप्ताह में पांच दिन सुबह सात से रात नौ बजे तक माल, पार्क और पचास फीसद क्षमता के साथ रेस्टोरेंट खोले जा सकेंगे। शादी समारोहों में अधिकतम पचास व्यक्ति शामिल हो सकेंगे। धर्म स्थलों पर अधिकतम पचास व्यक्ति प्रवेश कर सकेंगे। सरकारी कार्यालयों में भी सभी कर्मचारी पहुंचेंगे।

यूपी में रात नौ से सुबह सात बजे तक प्रतिदिन रात्रि कर्फ्यू और शनिवार-रविवार की साप्ताहिक बंदी अगले आदेशों तक चलती रहेगी। स्कूल-कालेज और शिक्षण संस्थानों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा। लेकिन, शिक्षकों व कर्मचारियों को स्कूल-कालेज आने-जाने की अनुमति रहेगी। आनलाइन पढ़ाई की अनुमति विभागीय आदेशों के अनुरूप होगी। हालांकि सिनेमा हाल, स्टेडियम, स्वीमिंग पूल और जिम खोलने की अनुमति अभी नहीं दी गई है।

हरियाणा सरकार ने लाकडाउन 28 जून की सुबह पांच बजे तक बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि कई तरह की छूट दी है। राज्य में दुकानें सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक खोली जा सकेंगी। जिम और खेल स्टेडियम खोल दिए गए हैं। अब सभी माल सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खुल सकेंगे। शादियां होंगी मगर बरात नहीं जाएगी। सभी होटल, रेस्टोरेंट और बार सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खुलेंगे। धार्मिक स्थलों पर अब 50 लोगों के पूजा करने की अनुमति होगी। खुले स्थानों पर भी इतने लोग जमा हो सकेंगे।

उत्तराखंड ने कोविड कर्फ्यू अधिक ढील के साथ 29 जून सुबह छह बजे तक बढ़ा दिया गया है। शनिवार व रविवार को छोड़कर पांच दिन सुबह आठ से शाम पांच बजे तक बाजार खुलेंगे। मंगलवार से होटल, रेस्टोरेंट को 50 फीसद क्षमता के साथ भोजन परोसने की छूट दी गई है। बार आधी क्षमता के साथ खुलेंगे। सरकारी, गैर सरकारी व निजी कार्यालयों को 50 फीसद क्षमता के साथ खोलने का निर्णय लिया गया है, जबकि आवश्यक सेवाओं के दफ्तर पूरी क्षमता के साथ खोले जाएंगे। दूसरे राज्यों से आने वालों के लिए कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है।

जम्मू कश्मीर के आठ जिलों शोपियां, गांदरबल, बांडीपोरा, जम्मू, सांबा, कठुआ, रियासी और ऊधमपुर में अब वीकेंड कर्फ्यू लागू नहीं होगा। यहां रात का कर्फ्यू आठ बजे से सुबह सात बजे तक जारी रहेगा। इन जिलों में सभी दुकानें सुबह सात से शाम सात बजे तक खुलेंगी। इंडोर शापिंग कांप्लेक्स और माल में 50 फीसद दुकानें खोली जा सकती हैं। सभी सरकारी और निजी कार्यालय बिना किसी पाबंदी के कार्य कर सकते हैं।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »