29 Mar 2024, 18:24:38 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

पृथ्वी के तूफानी शतक से उड़ा सौराष्ट्र, मुंबई सेमीफाइनल में

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 9 2021 5:21PM | Updated Date: Mar 9 2021 5:21PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की नाबाद 185 रन की तूफानी पारी से मुंबई ने सौराष्ट्र को मंगलवार को एकतरफा अंदाज में पालम मैदान में नौ विकेट से पीट कर विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सौराष्ट्र ने समर्थ व्यास के नाबाद 90 रन की बेहतरीन पारी से 50 ओवर में पांच विकेट पर 284 रन का मजबूत स्कोर बनाया, लेकिन पृथ्वी के जबरदस्त प्रदर्शन ने इस स्कोर को बौना साबित कर दिया। मुंबई ने 41.5 ओवर में एक विकेट पर 285 रन बना कर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। पृथ्वी ने मात्र 123 गेंदों पर 21 चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 185 रन की जबरदस्त पारी खेली।
 
पृथ्वी को प्लेयर आॅफ द मैच का पुरस्कार मिला। पृथ्वी ने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 34.5 ओवर में 238 रन की बड़ी साझेदारी कर मुंबई की जीत का आधार रख दिया। उन्होंने फिर आदित्य तारे के साथ मिलकर मुंबई को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। जायसवाल ने 104 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 75 रन बनाए, जबकि तारे 24 गेंदों में दो चौकों के सहारे 20 रन बना कर नाबाद रहे।
 
सौराष्ट्र का कोई भी गेंदबाज पृथ्वी पर असर नहीं छोड़ पाया। मुंबई की पारी का गिरा एकमात्र विकेट कप्तान जयदेव उनादकट के हिस्से में गया। उनादकट ने आठ ओवर में 52 रन देकर जायसवाल का विकेट लिया। इससे पहले सौराष्ट्र की पारी में समर्थ व्यास ने नाबाद 90 और चिराग जानी ने नाबाद 53 रन बनाए। व्यास ने 71 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लगाए, जबकि जानी ने 38 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाया। विश्वराज जडेजा ने 69 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 53, स्रेल पटेल 43 गेंदों में 30 और ए बरोट ने 49 गेंदों में 37 रन बनाए। मुंबई की तरफ से शम्स मुलानी ने 51 रन पर दो विकेट लिए।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »