भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट को अलविदा कहा था। जिसके बाद लगातार रिएक्शन देखने को मिले हैं। अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने धोनी के संन्यास लेने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। युवराज सिंह ने अपने साथी क्रिकेटर धोनी को नई पारी की शुभकामनाएं दी हैं। रविवार रात को युवराज सिंह ने खास अंदाज में धोनी को विश किया।
युवराज सिंह ने रविवार रात को ट्वीट किया। जिसमें युवराज सिंह ने धोनी के साथ अपनी तस्वीरों का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों की जुगलबंदी दिख रही है। करीब एक मिनट के इस वीडियो में धोनी और युवराज अलग-अलग परिस्थितियों में दिखाई दे रहे हैं, जबकि इस वीडियो में धौनी कहते हैं कि उनको युवराज के 6 छक्के हमेशा याद रहेंगे। युवराज सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 के लीग मैच के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ एक ओवर में 6 छक्के जड़े थे।
युवराज ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “बधाई एमएस धोनी इस शानदार करियर के लिए। साथ में अपने देश के लिए 2007 और 2011 के वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने का लुत्फ उठाया था और हमारी मैदान पर साझेदारी भी यादगार थी। मेरी तरफ से आपको उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।” धोनी और युवराज ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 से ज्यादा रन जोड़े थे। इस दौरान उन्होंने 10 शतकीय साझेदारियां भी की थीं।