नई दिल्ली। भारतीय महिला टी-20 क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के पास दिग्गज कप्तानों कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी की श्रेणी में शुमार होने का शानदार मौका है। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी है और टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला रविवार को भारत तथा मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। हरमनप्रीत यदि रविवार को मेलबोर्न में ट्रॉफी उठाने में कामयाब होती है तो वह क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारत की तीसरी कप्तान बन जाएंगी।
कपिल की कप्तानी में भारतीय पुरुष टीम ने वर्ष 1983 में वेस्ट इंडीज को हराकर पहली बार विश्व खिताब जीता था। वर्ष 2007 में आयोजित पहले पुरुष टी-20 विश्व कप में धोनी की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। धोनी की कप्तानी में ही भारत ने 2011 में श्रीलंका को हरा कर 28 साल के लम्बे अंतराल के बाद एकदिवसीय विश्व कप जीता था। भारतीय महिला टीम 2005 में दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन में एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 98 रन से पराजित हो गयी थी। उस समय भारत की कप्तान मिताली राज थी। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में चार विकेट पर 215 रन बनाये थे जबकि भारतीय टीम 117 रन पर सिमट गयी थी।