20 Apr 2024, 05:50:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

सीएम भूपेश बघेल ने क्वारेंटाइन केंद्र में ठहरे लोगों से की चर्चा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 5 2020 5:18PM | Updated Date: Jun 5 2020 5:18PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

धमतरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेश के विभिन्न क्वारेंटाइन केंद्रों में ठहरे लोगों से वीडियो कॉलिंग एप 'स्काइप' के जरिए चर्चा की। इसी कड़ी में धमतरी जिले के धमतरी विकासखंड के देवरी ग्राम पंचायत के प्राथमिक शाला में बने क्वारेंटाइन सेंटर में गुजरात से लौटे परिवार से चर्चा की।  
 
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दानीराम सतनामी के अलावा उनकी पत्नी किरण, पुत्री पायल और पुत्र हुमेन्द्र 26 मई से  सेंटर में हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान उनके स्वास्थ्य, इस केन्द्र में की गई व्यवस्था और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दानीराम द्वारा गुजरात में उनके द्वारा किए जा रहे कार्य का विवरण लिया।  दानीराम सतनामी ने बताया कि वे लोग गुजरात के साबरकाठा जिले में सर्जिकल में काम करते थे। इसके तहत डॉक्टर्स के लिए इस्तेमाल होने वाले कॉटन तैयार करने का काम किया जाता रहा। 
 
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कार्य वे गुजरात में कर रहे थे, वह यहीं मिल जाए तो क्या करना चाहेंगे। इस पर  प्रसन्नता जाहिर करते दानीराम ने हामी भरी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। दानीराम ने बताया कि उन्हें सेंटर में भोजन, चिकित्सा और बच्चों के खेलने के लिए खिलौने इत्यादि की बहुत अच्छी सुविधा मुहैया हो रही है। अधिकारियों द्वारा भी नियमित रूप से उनका हाल-चाल पूछा जा रहा है।  
 
मुख्यमंत्री ने इसके बाद गांव के सरपंच से दूरभाष पर चर्चा की और कोरोना बीमारी से सुरक्षा और बचाव के लिए की गई व्यवस्था की जानकारी ली। सरपंच ने मौके पर मुख्यमंत्री से गांव में पुल निर्माण की मांग की जिससे किसानों को धान खरीदी केन्द्र जाने के लिए छह किलोमीटर का लंबा सफर तय करने की जरूरत ना पड़े। मुख्यमंत्री ने तत्काल कलेक्टर श्री जय प्रकाश मौर्य से दूरभाष पर चर्चा कर देवरी-दोनर के बीच लगभग तीन करोड़ रुपयों की लागत से पुल निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।  
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »