पटना। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग कर अपने प्रशंसकों को संदेश दिया है। 21 जून को विश्वभर में योग दिवस मनाया जा रहा है। दुनिया भर में लोग योग से अपने आप को खुश, स्वस्थ और शांत रखने में लगे हैं। अक्षरा सिंह ने भी आज सुबह योग किया और अपने फैंस के लिए संदेश दिया। अक्षरा ने पटना स्थित आवास पर ही योग किया, जिसकी कई तस्वीरें अब सोशल मीडिया में वायरल भी हो रही हैं। इन तस्वीरों में अक्षरा योग की विभिन्न मुद्राओं में नजर आयीं।
अक्षरा ने योग को भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बताते हुये कहा,‘‘योग की जड़ें पौराणिक युग से निकली है। भारतीय सनातन संस्कृति एवं अध्यात्म में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अनेक मायने है। हम सभी को योग के भौतिक स्वरूप का ही अनुकरण नहीं करना है, बल्कि इसके आध्यात्मिक स्वरूप को अपनाना होगा। अक्षरा ने दुनिया भर में योग की स्वीकार्यता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया। अक्षरा ने कहा कि मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मेरा जन्म उस भूमि पर हुआ है, जहां से योग का पुराना नाता रहा है। भले दुनिया ने योग को अब स्वीकारा हो, लेकिन बिहार की माटी में योग वर्षों से समायी है।