मुंबई। पटना की गलियों से निकलकर मायानगरी मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में सफलता की नई इबारत लिखने वाले सुशांत सिंह राजपूत की पहली कमाई महज 250 रुपये थी। राजपूत एकमात्र एक्टर थे, जिन्होंने 2018 में चांद पर भी जमीन खरीदी थी। उनका ये प्लॉट 'सी ऑफ मसकोवी' में है। उन्होंने प्लॉट पर नजर रखने के लिए एक दूरबीन भी खरीदी थी। सुशांत ने भूमि इंटरनेशनल लूनर लैंड्स रजिस्ट्री से खरीदी। 25 जून, 2018 को ये प्रॉपर्टी अपने नाम करवाई थी। हालांकि, इसमें भी कई अंतरराष्ट्रीय संधि हैं, जिनके मुताबिक इसे कानूनी तौर पर मालिकाना हक नहीं माना जा सकता, क्योंकि पृथ्वी से बाहर की किसी वस्तु पर एक देश का कब्जा नहीं हो सकता।
बिहार की राजधानी पटना में जन्मे सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर के शुरुआती दिनों में काफी संघर्ष किया था। उनकी पहली कमाई 250 रुपये की थी। सुशांत ने एक बार बताया था कि संघर्ष के दिनों में वह छह लोगों के साथ रूम शेयर करते थे। इस दौरान उन्हें एक प्ले के 250 रुपए मिलते थे। सुशांत ने बताया था, ‘‘मैं बॉलीवुड में कोई हार जीत का गेम खेलने नहीं आया हूं। मैं अपनी लाइफ में बहुत मस्त हूं। मैं आपको बता नहीं सकता हूं कि मैं कितना खुश हूं।
12 साल पहले थिएटर करता था ढाई सौ रुपये मिलते थे। उस वक्त भी मस्त था। इतना काम को लेकर खुश रहता था कि दो घंटे सोता था। ज्यादा से ज्यादा क्या होगा मैं फिर से थिएटर करने लगूंगा। वही ढाई सौ रुपये मिलेंगे लेकिन मैं उसमे भी मस्त था। मैं किसी को कुछ साबित नहीं करना चाहता हूं। सुशांत ने बताया था कि वह कभी-कभार फिल्मों में हीरो-हीरोइन के पीछे बतौर एक्स्ट्रा डांसर भी काम कर लिया करते थे, जिससे कुछ पैसे मिल जाया करते थे।
मुंबई में कई साल संघर्ष करने के बाद सुशांत को 2008 में टीवी पर पहला ब्रेक शो 'किस देश में है मेरा दिल' से मिला. हालांकि, उनके करियर को असली उड़ान टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' से मिली। इसके बाद सुशांत को वर्ष 2013 में पहली फिल्म 'काई पो छे' मिली। यहां से उनका करियर धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा। इसके बाद सुशांत ने ‘शुद्ध देशी रोमांस’ ,‘पीके’ ,‘व्योमकेश बक्शी’ ,'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' ,राबता, केदारनाथ, सोन चिरैया और छिछोरे जैसी फिल्मों में भी काम किया।