29 Mar 2024, 13:34:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 16 2021 1:08AM | Updated Date: Jan 16 2021 1:12AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। कृषि कानूनों को लेकर किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश भर में जिला एवं ब्लाक स्तर पर पांच सौ से अधिक स्थानों पर चकाजाम कर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ छिंदवाड़ा जिले के चैरई में ट्रैक्टर चलाकर प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस की आज यहां जारी विज्ञप्ति में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ छिंदवाडा जिले के चैरई में ट्रैक्टर चलाकर किसान आंदोलन एवं ट्रैक्टर रैली में शामिल हुए।

वहीं, प्रदेश भर में जगह-जगह विभिन्न जिलों में पूर्व मंत्रियों एवं कांग्रेस विधायकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ किसानों द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। प्रदेश भर में आयोजित प्रदर्शनों में किसानों के साथ जिला, ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने चैरई में आयोजित प्रदर्शन में किसानों द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ किये जा रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार को जमकर कोसा। कमलनाथ ने कहा कि देश में अधिकांश किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलता है तथा इन तीन कृषि कानूनों को लागू करने से किसानों की संभावनाएं समाप्त हो जाएंगी।

आज देश का अन्नदाता किसान परेशान है, लगभग दो महीने होने जा रहे हैं, किसान अपना काम-धंधा छोड़कर अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को शीघ्र ही बिना शर्त तीनों काले कृषि कानूनों को रद्द कर किसानों के हित में निर्णय लेना चाहिए। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी रहेगी। चैरई में आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम में सांसद नकुलनाथ सहित किसान, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विज्ञप्ति के अनुसार भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, धार, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में किसानों के समर्थन में प्रदर्शन हुए जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान साथी शामिल हुए। शेखर ने बताया कि आगामी 20 जनवरी को मुरैना में आयोजित किसान महापंचायत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रदेश के किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और केन्द्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग करेंगे। 

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »