25 Apr 2024, 00:43:06 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

भाजपा विशेष कार्यपद्धति के रुप में पहचाना जाने वाला दल: CM शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 27 2020 12:28AM | Updated Date: Dec 27 2020 12:29AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सीहोर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि पूरी दुनिया में हमारी पहचान एक विशेष कार्यपद्धति वाले दल के रूप में होती है। इस कार्यपद्धति के आधार पर ही भाजपा देश ही नहीं विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना है। ऐसी कार्यपद्धति के लिए प्रशिक्षण जरूरी है। चौहान ने यहां आयोजित जिलाध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। कार्यक्रम को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत शर्मा ने भी संबोधित किया। उद्घाटन सत्र में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, राज्यसभा संसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को गढ़ने का काम करते हैं। आप सभी वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त करके अपने जिले को आदर्श जिला बनाने का काम करें। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष पार्टी का चेहरा होते हैं। आपका आचरण, आपकी कार्य पद्धति और आपका व्यवहार ही समाज में भारतीय जनता पार्टी का स्वरूप होता है। आप लोग चलती-फिरती भारतीय जनता पार्टी हैं। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष जिले का केन्द्र होता है। केन्द्र प्रशिक्षित होगा, तो कार्यकर्ताओं का निर्माण भी बेहतर तरीके से होता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को गढ़ने का कार्य करते हैं।
 
आप प्रशिक्षित होंगे और आगे बढ़ेंगे तो जिले में भाजपा मजबूत होगी और हम मिलकर पार्टी के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ग में हम प्रशिक्षण प्राप्त करके अपने जिले में परिश्रम और प्रयत्नों की पराकाष्ठा करें। हम संकल्प लें कि हमारा संगठन जहां कमजोर है, उसे अपनी मेहनत से मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा परिवार भाव के साथ चलने वाला राजनीतिक दल है। हम कार्यकर्ता के साथ परिवार भाव के साथ काम करें, उसके दु:ख-सुख में शामिल हों। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आपसे सीखता और समझता है। हमें अपना धैर्य और उत्साह कभी कम नहीं होने देना चाहिए।
 
हम अपनी विचारधारा को मजबूत करते हुये देश के खिलाफ जहर फैलाने वालों का डटकर मुकाबला करें। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण एक सतत् प्रक्रिया है, इससे कार्यकर्ताओं में निखार आता है और वह कार्यकुशल बनते हैं। प्रदेश के सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग पूर्णता की ओर है। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष के नाते हमारी क्या भूमिका है और हमें संगठन को गति देने के लिए किस दिशा में काम करना है, इन विषयों पर प्रबोधन होगा।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता होने के नाते हम हमेशा राजनैतिक दायित्वों के साथ ही सामाजिक भूमिका को भी निभाते आये हैं। हमारे लिए देश पहले है, उसके बाद संगठन और सबसे अंत हम स्वयं को रखते हैं। उन्होंने कहा कि कोविड संकट के दौरान पूरी दुनिया और देश प्रभावित था, तब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आव्हान पर देश के सभी राज्यों में कार्यकर्ताओं ने मंडल, जिला और बूथ स्तर तक काम किया। शर्मा ने कहा कि भाजपा के पास प्रशिक्षित कार्यकर्ता हैं और इन्हीं कार्यकर्ताओं के बूते पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।
 
हैदराबाद और जम्मू-कश्मीर में भी पार्टी को जनता ने स्वीकार किया है। उत्तर पूर्व में जहां अलगाव था, वहां आज भाजपा की सरकारें हैं। यह बड़ा बदलाव प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के कारण ही संभव हुआ है। शर्मा ने कहा कि सुशासन हमारे लिये एक नारा नहीं है बल्कि चरित्र है, संदेश है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »