29 Mar 2024, 05:50:10 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

किसानों को भ्रमित करने का कार्य कर रही है कांग्रेस - विष्णुदत्त शर्मा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 15 2020 12:23AM | Updated Date: Dec 15 2020 12:24AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में जारी किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में आज कहा कि कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा दल के नेता कृषि सुधार संबंधी नए कानूनों को लेकर किसानों और अन्य लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। शर्मा ने यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा से जुड़े ये नेता अपना राजनैतिक एजेंडा पूरा करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए कानूनों से किसानों की तकलीफें कम हो रही हैं और आगे और भी बदलाव देखने को मिलेंगे, लेकिन यह सब इस तरह के नेताओं को रास नहीं आ रहा है।
 
ऐसे लोग किसानों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्होंने देश में दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद किसानों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए। शर्मा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को सशक्त और सक्षम बनाना चाहती है। किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प को पूरा करने का प्रयास कर रही है। इन्हीं सब वजहों से तीन नए महत्वपूर्ण कृषि कानून लाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन कानूनी प्रावधान के बाद अब किसान अपनी इच्छानुसार फसलों का अधिकतम मूल्य पाने के लिए स्वतंत्र होगा। किसानों को अब दलालों से भी मुक्ति मिलेगी।  उन्होंने कहा कि दरअसल आंदोलन और किसानों को भड़काकर तथाकथित लोग देश में अस्थिरता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
 
ये लोग केंद्र सरकार के साथ सार्थक संवाद भी नहीं करना चाहते हैं। इनका प्रयास किसी भी तरह से किसान और लोगों को गुमराह करना, भड़काना और अशांति फैलाना है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के पीछे स्वार्थी तत्वों का हाथ है और यह इस बात से भी साबित हो जाता है कि अब 'अवार्ड वापसी गैंग' भी सक्रिय हो गयी है। शर्मा ने कहा कि ऐसे ही तत्वों ने नागरिकता संशोधन कानून, अनुच्छेद 370 और अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार को बदनाम करने और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की थी, लेकिन अंतत: वे अपनी कोशिश में सफल नहीं हो पाए और अब किसान आंदोलन में भी ऐसे लोग सफल नहीं हो पाएंगे।
 
खजुराहो से सांसद शर्मा ने तीनों कानूनों के प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया और कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता इन बातों को आम लोगों तक पहुंचाएंगे। इसी उद्देश्य से राज्य में अगले दिनों में प्रत्येक संभाग स्तर पर किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने किसानों के हित में पिछले सालों के दौरान मध्यप्रदेश में उठाए गए कदमों के बारे में भी बताया और कहा कि किसानों के हित में इस राज्य में और भी कार्य जारी रहेंगे। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »