मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई टाउनशिप से एक व्यक्ति के पास से 50 लाख की कीमत का रेड सैंड बोआ सांप जब्त किया गया है। ये वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सांप की संरक्षित प्रजाति है। इस मामले में संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। तस्करों में बीच सुनहरा रंग और सुस्त रफ्तार वाले रेड सैंड बोआ नाम के इस सांप की खासी डिमांड है। ब्लैक मार्केट में कीमत बीएमडब्ल्यू एक्स 6 और मर्सिडीज बेंड एस क्लास जैसी लग्जरी कारों से भी अधिक है। यही वजह है कि आए दिन पकड़े जाने पर भी इसकी तस्करी नहीं रुकती। शनिवार को बिहार के अररिया में सुरक्षा बल के जवानों ने एक स्मगलर के पास से दो सांप पकड़े थे, जिसकी कीमत तीन करोड़ रुपए से अधिक थी।
चीन से लेकर गल्फ के देशों तक रेड सैंड बोआ का मांस खाने से होने वाले फायदों से संबंधित कई मिथ हैं। लोगों की मान्यता है कि इसका मांस खाने से एड्स जैसी बीमारी से भी मुक्ति मिल जाती है। भारत में इस सांप को धन के देवता कुबेर से जोड़कर देखा जाता है, जिसके चलते इसके दर्शन को शुभ समझा जाता है। इसके साथ ही रेड सैंड बोआ का इस्तेमाल तांत्रिक क्रिया में भी किया जाता है। रेड सैंड बोआ का चीन के पारंपरिक मेडिसिन में सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा बनाने में होता है। इसके साथ ही लोग इसके मांस को भी ताकत बढ़ाने के लिए खाते हैं। खाड़ी के देश में मान्यता है कि इसे खाने से कठिन से कठिन बीमारी दूर हो जाती है और आदमी हमेशा जवान रहता है।