नई दिल्ली। श्रवण कुमार ने अपने माता-पिता को कंधे पर उठाकर तीर्थ करवाया था। लेकिन मैसूर के एक व्यक्ति डी. कृष्णा कुमार स्कूटर पर 48,100 किलोमीटर की दूरी तय कर अपनी 70 वर्षीय मां को तीर्थ यात्रा पर लेकर गए। सोशल मीडिया पर उनकी ये कहानी खूब वायरल हो रही है।
इस कहानी ने मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा को इतना भावुक कर दिया कि उन्होंने शख्स को कार गिफ्ट करने की पेशकश कर दी। मैसूर में रहने वाले डी कृष्ण कुमार ने अपनी मां की इच्छा पूरी कर लोगों का दिल जीत लिया। दरअसल, कृष्ण कुमार की 70 साल की मां कभी शहर से भी बाहर नहीं गई थीं। शादी के बाद से कृष्ण कुमार की मां घर से बाहर नहीं निकलती थीं, लेकिन उनका तीर्थयात्रा करने का बहुत मन था। इस चाहत को पूरा करने के लिए बेटे ने अपनी मां को स्कूटर से तीर्थ करवाने का फैसला लिया।
39 साल के कृष्ण कुमार ने अपनी मां को तीर्थ करवाने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी और अपने 20 साल पुराने बजाज चेतक स्कूटर से उन्हें यात्रा करवाई। कृष्ण की मां शहर भी देखना चाहती थीं। स्कूटर पर उन्होंने अपनी मां को शहर भी दिखाया। महिंद्रा ने मनोज कुमार का वीडियो री-ट्वीट करते हुए लिखा- यह केवल मां के लिए ही प्यार नहीं है, बल्कि देश के लिए भी प्यार है। महिद्रा चाहते हैं कि कृष्ण कुमार अगली बार कार से अपनी मां को यात्रा कराएं।