लंदन। एयर इंडिया क्रू के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में एक महिला वकील को 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। मुंबई से लंदन जा रही फ्लाइट में यह घटना हुई। दरअसल, फ्लाइट में शराब न परोसने पर आयरलैंड की अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार वकील को क्रू के साथ दुर्व्यवहार करते कैमरे में कैद हो गई थी। आरोपी महिला का नाम सिमोन बर्न्स है जिनका जन्म उत्तरी आयरलैंड में हुआ था। वह इंग्लैंड के होव की निवासी है।
गुरुवार को इस मामले पर सुनवाई करते हुए लंदन की आइजलवर्थ क्राउन कोर्ट ने सिमोन बर्न्स को 'शराब के नशे में और अप्रिय' करार दिया। इस सुनवाई में यह भी पता चला कि पिछले साल नवंबर में भी महिला वकील की एक फ्लाइट अटैंडेंट के साथ तीखी नस्लवादी कहासुनी हुई थी। जज ने एयरक्राफ्ट में शराब के नशे में होने के लिए 50 साल की महिला वकील को 6 महीने और दुर्व्यवहार के लिए 2 महीने की सजा सुनाई। उन्होंने कहा, 'आपने गाली-गलौज, नफरत भरी, झगड़ालू और डरावनी भाषा का इस्तेमाल किया।'
बर्न्स का जन्म उत्तरी आयरलैंड में हुआ था और वह इंग्लैंड के होव में रहती हैं। जज ने उस क्रू मेंबर को 300 डॉलर हर्जाने के तौर पर देने को कहा जिसके साथ बर्न्स ने दुर्व्यवहार किया। जज ने कहा, 'बिल्कुल पास से एक क्रू मेंबर के चेहर पर सीधे थूकना एक बेहद अपमानजनक और परेशान करने वाला कृत्य था।'