20 Apr 2024, 15:00:50 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

भूकंप से मरने वालों की संख्या चार पर पहुंची, 380 से अधिक घायल

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 19 2018 4:50PM | Updated Date: Jun 19 2018 4:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

टोक्यो। जापान के ओसाका शहर में सोमवार सुबह आये भूकंप के कारण हुई मौतों का आंकड़ा चार पर पहुंच गया है, वहीं घायलों की संख्या भी बढ़कर 380 से अधिक हो गई है। सरकारी अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 
जापान के दूसरे सबसे बड़े महानगर ओसाका और उसके आस-पास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गयी। सरकार की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक भूकंप के कारण कई इमारतों की दीवारें गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी और 380 से अधिक घायल हो गए। भूकंप के बाद जारी किए गए वीडियो फुटेज में इमारतों की क्षतिग्रस्त दीवारें, टूटी हुईं खिड़कियां और पानी की फटी हुई पाइप लाइन देखी जा सकती है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र ओसाका प्रांत के उत्तरी हिस्से में जमीन की सतह से 13 किलोमीटर की गहराई में था। शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गयी, लेकिन बाद में भूकंप की तीव्रता 6.1 बताई गयी। भूकंप के कारण सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी।
भूकंप के कारण इमारतों की दीवारें गिरने के कारण एक 80 वर्षीय बुजुर्ग तथा नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गयी। इसके अलावा किताबों की अलमारी गिरने से एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि 81 वर्षीय महिला एक ड्रेसर के नीचे मृत पायी गई। जापान के वाणिज्य मंत्री हीरूशिगे सेको ने कहा कि भूकंप के कारण कई फैक्ट्रियों में काम बंद कर दिया गया है। वहीं इसके कारण हुए नुकसान का अभी ठीक से पता नहीं चल पाया है। 
भूकंप के कारण मध्य जापान का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इलेक्ट्रॉनिक कंपनी पेनासॉनिक ने कहा कि उसने अपने तीन प्लांटों में सोमवार को काम बंद कर दिया था जिसे मंगलवार को फिर शुरू कर दिया है। टोयोटा मोटर कॉर्प की इकाई ने ओसाका और क्योटो में दिन में अपना उत्पादन बंद कर दिया है। कंपनी भूकंप के कारण हुए नुकसान का भी पता लगा रही है। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी भूकंप से हुए नुकसान का पता लगा रहे हैं। आबे ने कहा कि भूकंप से प्रभावित हुए लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है जिसको लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। 
कंसाई इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि भूकंप के बाद मिहामा, ताकाहामा और ओही परमाणु संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं पायी गयी है। भूकंप के बाद ओसाका और इसके पड़ोसी प्रांत होंगो के 170,000 परिवारों को कुछ समय के लिए बिजली संकट का भी सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि 2019 में ओसाका शहर में जी-20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »