सोची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ उनकी अनौपचारिक शिखर वार्ता से भारत-रूस के द्विपक्षीय संबंधों में एक 'नया आयाम ' जुड़ेगा। एक दिन की यात्रा पर रूस आये भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने सोची शहर में पुतिन के साथ अनौपचारिक शिखर वार्ता से पहले उनसे कहा कि भारत रूस के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंध चाहता है और इस वार्ता से इसमें नया आयाम जुड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने चौथी बार रूस की बागडोर संभालने के लिए भी रूसी राष्ट्रपति को बधाई दी। उन्होंने कहा , 'मैं सवा सौ करोड़ भारतीयों की ओर से आप को बधाई देता हूं।' इस मौके पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विजय गोखले भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच लंबे समय से मित्रवत संबंध रहे हैं और वह इस वार्ता के लिए आमंत्रित करने पर पुतिन का धन्यवाद करते हैं। रूस ने शंघाई सहयोग संगठन में भारत की स्थायी सदस्यता में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। दोनों देश अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे और ब्रिक्स में मिलकर काम कर रहे हैं।
मोदी की यह यात्रा अमेरिका द्वारा रूस के खिलाफ लगाये गये प्रतिबंधों के बीच हो रही है। यह यात्रा और शिखर वार्ता इस बात का 'संदेश' देगी कि भारत दुनिया के सभी बड़े देशों के साथ गहरे संबंध रखने में विश्वास करता है। प्रधानमंत्री ने पिछले महीने ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी अनौपचारिक शिखर वार्ता की थी।