टोक्यो। जापान के इबाराकी प्रांत स्थित आव्रजन हिरासत केंद्र में एक भारतीय के खुदकुशी कर लेने के बाद 40 अन्य कैदियों ने भूख हड़ताल कर दी है। बीते शुक्रवार को 30 वर्षीय भारतीय का शव बाथरूम के शॉवर से लटका मिला था। जापानी अधिकारियों ने उसकी पहचान उजागर नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से कैद में रहने के कारण वह अवसाद का शिकार हो गया था। आव्रजन हिरासत केंद्र के अधिकारी डेसुके अकीनागा ने मंगलवार को कहा भूख हड़ताल कर रहे लोग जल्द रिहाई की मांग कर रहे हैं। इस केंद्र में करीब 330 कैदी हिरासत में रखे गए हैं।