अबुजा। नाइजीरिया और स्विट्जरलैंड ने गैरकानूनी रूप से अर्जित की गयी संपत्तियों की वापसी का मार्ग प्रशस्त करते हुए एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया ने इस बात की जानकारी दी।
राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के प्रवक्ता ने ई-मेल के जरिये एक वक्तव्य जारी कर इस बात की जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक नाइजीरिया, स्विट्जरलैंड और अंतरराष्ट्रीय विकास संगठन(आईडीए) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये हैं।
स्विट्जरलैंड ने दिसंबर में कहा था कि वह विश्व बैंक के साथ किये गये एक समझौते के तहत पूर्व सैन्य शासक सनी अबाचा के परिवार से जब्त की गयी संपत्ति में से 32 करोड़ 10 लाख डॉलर के आसपास नाइजीरिया को वापस करेगा।
गौरतलब है कि 2015 में सत्ता संभालने के बाद से राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने कई देशों से मदद की अपील की है ताकि अधिक से अधिक जब्त की गयी सम्पत्ति को वापस लाया जा सके।