साना। यमन के मारिब प्रांत में हाउती विद्रोहियों द्वारा रक्षा मंत्रालय को निशाना बनाकर किये गये रॉकेट हमले में सेना के पांच अधिकारियों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। रक्षा मंत्रालय के सूत्रो ने बुधवार को बताया कि मारिब प्रांत में स्थिति रक्षा मंत्रालय के अस्थायी मुख्यालय पर हाउती विद्रोहियों ने रॉकेटों से हमला किया था। इस हमले एक कमांडर सहित पांच अधिकारियों की मौत हो गयी और आठ अन्य घायल हो गये। सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा समर्थित यमनी राष्ट्रपति अब्दराबुह मंसूर हादी पिछले चार वर्षों से हाउती विद्रोहियों से लड़ रहे हैं। यमन में संघर्ष को संयुक्त राष्ट्र द्वारा दुनिया के सबसे खराब मानवीय संकट के रुप में देखा जा रहा है। इससे आबादी का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित है।