28 Mar 2024, 16:47:00 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

वेनेजुएला संकट का कच्चे तेल की आपूर्ति पर नहीं पड़ेगा असर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 12 2019 11:15AM | Updated Date: Mar 12 2019 11:15AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

ह्यूस्टन। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने कहा है कि वेनेजुएला में जारी राजनीतिक संकट का असर विश्व बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति पर नहीं पड़ेगा। 
 
बिरोल ने अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में आयोजित वार्षिक ऊर्जा सम्मेलन से इतर सोमवार को यह बात कही। वेनेजुएला में मौजूदा राजनीतिक संकट और उस पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों के मद्देनजर विश्व बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति की कमी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में बिरोल ने कहा, “ सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि बाजार में इस समय बहुत तेल मौजूद है, हमें नहीं लगता कि बाजार पर इसका कोई असर पड़ने वाला है।” आईईए के कार्यकारी निदेशक ने कहा कि वेनेजुएला प्रतिदिन 13 लाख बैरल कच्चे तेल का उत्पादन करता है, यदि यह उत्पादन कम होता है तो हम अमेरिका, कनाडा, ब्राजील और इराक से इसकी भरपाई कर सकते हैं। 
 
अमेरिका ने वेनेजुएला में मौजूदा राजनीतिक संकट को देखते हुए उस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं। गौरतलब है कि वेनेजुएला में मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ हो रहे राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अमेरिका ने कहा है कि वह सैन्य विकल्प पर विचार कर रहा है। 
 
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष एवं विपक्ष के नेता जुआन गुआइदो ने 23 जनवरी को इन विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व करने के साथ ही स्वयं को देश का अंतरिम राष्ट्रपति घोषित किया था। अमेरिका के अलावा अब तक कनाडा, अर्जेंटीना, ब्राजील, चिली, कोलंबिया, कोस्टा रिका, ग्वाटेमाला, होंडुरास, पनामा, पैराग्वे और पेरू समेत 54 देशों ने विपक्ष के नेता जुआन गुआइदो को वेनेजुएला के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में मान्यता देने की घोषणा की है। 
 
उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला में हजारों लोग मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व गुआइदो कर रहे हैं। जनवरी की शुरुआत में मादुरो ने राष्ट्रपति के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल की शपथ ली थी। हाल में संपन्न हुए चुनावों में उन पर गड़बड़ी करने के आरोप लगे थे। 
 
मादुरो के नेतृत्व में कई वर्षों से वेनेजुएला गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। बढ़ती कीमतों के अलावा खाने-पीने और दवाईयों की कमी के कारण लाखों लोगों ने वेनेजुएला से पलायन भी किया है। मादुरो ने अमेरिका पर वेनेजुएला के तेल भंडारों पर कब्जा करने की योजना बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गुआइदो अमेरिका के निर्देश पर काम कर रहे हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »