बार्सिलोना। स्पेन के शहर बार्सिलोना में इन दिनों अजब नजारा देखने को मिल रहा है। शहर में लोग सड़कों पर उतरकर नग्न अवस्था में प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल लेदर के उत्पाद और जानवरों के फर के प्रयोग के विरोध में प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं। जानवरों के साथ होनेवाली क्रूरता के विरोध में प्रदर्शनकारी सांकेतिक तौर पर शरीर पर नकली खून लगाकर विरोध जता रहे हैं। बार्सिलोना में इससे पहले भी कई प्रदर्शन हो चुके हैं।
जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था के सैकड़ों प्रदर्शनकारी शहर के सबसे बड़े शॉपिंग प्लाजा और टूरिस्ट स्पॉट पर प्रजर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के हाथ में पोस्टर है जिस पर लिखा है, सिर्फ एक कोट के लिए और कितने जानवरों की जिंदगी? स्पेन में जानवरों के संरक्षण के लिए काम करनेवाल संस्था अनीमा नेचरल्स की तरफ से यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
जानवरों के प्रति क्रूरता के खिलाफ जागरूकता लाने का प्रयास
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर के पॉप्युलर टूरिस्ट जगहों पर प्रदर्शन का उद्देश्य है कि लोगों को जानवरों के साथ होने वाली क्रूरता के खिलाफ जागरूक किया जा सके। फर इंडस्ट्री में जानवरों के साथ होनेवाली क्रूरता को रोकने के लिए हम संघर्ष कर रहे हैं। संस्था का कहना है कि हर साल 32 मिलियन जानवर फर इंडस्ट्री की जरूरतों को पूरा करने के लिए मारे जाते हैं।
शहर के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट पर प्रदर्शन
पिछले साल भी बार्सिलोना में इसी ग्रुप ने टॉपलेस होकर प्रदर्शन किया था, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हुई थी। इस ग्रुप ने तब नकली रक्त के साथ सड़कों पर लाल पाउडर फेंककर सांकेतिक तौर पर जानवरों के साथ होने वाली क्रूरता के खिलाफ आवाज उठाई थी।