दिल्ली। कांग्रेस व अन्य दल जहां अपने उम्मीदवार अब तक नहीं घोषित कर पाए वहीं भारतीय जनता पार्टी ने साइबर सिटी के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कई उतार-चढ़ाव के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री व अहीरवाल के दिग्गज नेता राव इंद्रजीत सिंह गुड़गांव संसदीय सीट से भाजपा से टिकट लेने में सफल रहे। इससे पहले वर्ष 2014 में वह कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में आए थे और जीतकर केंद्र में राज्यमंत्री बने। 11 फरवरी 1951 को जन्मे राव इंद्रजीत सिंह प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। राव इंद्रजीत ने दिल्ली विश्वविद्यालय में कानून में एलएलबी की डिग्री हासिल की। वे 1857 में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी राजा राव तुला राम के वंशज हैं।