29 Mar 2024, 21:06:19 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
UPElection

त्रिकोणीय हुआ मुकाबला, बंसल के मैदान में आने से बदले समीकरण

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 23 2019 1:53AM | Updated Date: Mar 23 2019 11:55PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

गाजियाबाद। गाजियाबाद पूर्व विधायक एवं बसपा नेता सुरेश बंसल के समाजवादी पार्टी में शामिल होने ओर चुनाव मैदान में उतरने से गाजियाबाद का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। बंसल के आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है और सभी प्रमुख प्रत्याशियों को पूरी ताकत झोंकनी होगी। तीनों प्रत्याशियों के पक्ष में कई गणित हैं तो उनके खिलाफ भी कई तरह के माहौल हैं। 11 अप्रैल के दिन मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य विधाता बनेंगे और उस दिन तक इन मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों द्वारा कई तरह के दांव खेले जाएंगे। दरअसल पिछले चार दिनों से समाजवादी पार्टी द्वारा सुरेंद्र कुमार मुन्नी को बदलकर सुरेश बंसल को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा चल रही थी। 
 
बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस बाबत अखिलेश यादव से बात की थी। इसके बाद सुरेश बंसल अखिलेश से मिलने लखनऊ गए थे। तभी से यह चचार्एं होने लगी थी। शुक्रवार को कविनगर स्थित सुरेश बंसल के आवास पर सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने उन्हें सपा में शामिल कराए जाने की औपचारिकताएं पूरी की और सुरेश बंसल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस दौरान काफी संख्या में सपा और बसपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। 
 
एक दिन पूर्व भाजपा ने जनरल वीके सिंह को अपना प्रत्याशी बनाकर उन्हें होली का तोहफा दिया था। जबकि तीन दिन पूर्व कांग्रेस ने डॉली शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो तीन दिग्गज प्रत्याशियों के मैदान में आने से मुकाबला काफी रोचक हो गया है। पिछली बार के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर पर सवार होकर चुनाव जीते थे। लेकिन इस बार लहर भी नहीं है और पार्टी में जनरल का जबरदस्त विरोध है। कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी डॉली शर्मा युवा चेहरा है और वह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय भी है। नगर निगम के चुनाव में वह दूसरे स्थान पर रही थी और भाजपा को पूरी टक्कर दी थी। 
डॉली शर्मा चुनाव में भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले साहिबाबाद क्षेत्र में सेंध लगाने में कामयाब हुई थी। सुरेश बंसल गाजियाबाद के पॉपुलर नेता माने जाते हैं और सभी वर्गों में वह चहेते हैं। सुरेश बंसल के पक्ष में सपा, बसपा और रालोद के अलावा वैश्य समुदाय से होना भी एक कारगर फैक्टर है। सुरेश बंसल लाइन पार क्षेत्र और मुस्लिम बाहुल्य कॉलोनियों में भी लोगों की पसंद माने जाते हैं। बहरहाल चुनाव कोई भी जीते लेकिन इतना तय है कि गाजियाबाद का मुकाबला काफी रोचक रहने वाला है।
 
मुन्नी रहे अनुपस्थित, गोयल ने लिया फार्म
सुरेश बंसल के सपा में शामिल होने के अवसर पर सपा के पूर्व घोषित प्रत्याशी सुरेंद्र मुन्नी नहीं मौजूद थे। इसे मुन्नी की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है। सुरेश बंसल का पार्टी में स्वागत करते हुए सपा महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि उनके आने से पार्टी को और अधिक मजबूती मिली है। दोनों दलों के कार्यकर्ता सुरेश बंसल को जिताने में अपनी पूरी ताकत लगा देंगे। इस मौके पर सपा नेता अभिषेक गर्ग, रामकिशोर अग्रवाल, धर्मवीर डबास, कविंद्र चौधरी नंदगोपाल नंदी आदि मौजूद रहे। सुरेश बंसल ने कहा कि वह सपा, बसपा, रालोद के महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में लोगों का आर्शिवाद हासिल करेंगे। उधर, कांग्रेस के बुजुर्ग नेता सुरेंद्र प्रकाश गोयल भी पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं। इन्होंने नामांकन पत्र भी लिया है।
 
अब तक 32 ने लिए नामांकन फार्म, 5 ने भरा पर्चा
गाजियाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा, बसपा से सपा में सुरेश बंसल, सुरेंद्र प्रकाश गोयल सहित छह प्रत्याशियों ने शुक्रवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से नामांकन पत्र लिया। चुनाव लड़ने  के इच्छुक अब तक 32 प्रत्याशी नामांकन फार्म ले चुके हैं। इसमें से पांच प्रत्याशियों ने अब तक नामांकन दाखिल किया। 25 मार्च नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है और उसी दिन अब सभी लोग नामांकन दाखिल करेंगे। एआरओ एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राइट टू रिकॉल विकास पार्टी के राकेश  सूरी, जनता राज विकास पार्टी के राजेश कुमार, सुभाष भारतीय समाजवादी पार्टी से अशोक शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। जबकि दो प्रत्याशियों ने दो दिन पूर्व नामांकन दाखिल किया था। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »