28 Mar 2024, 20:24:21 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
UPElection

पहली बार आडवाणी का टिकट कटा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 23 2019 12:45AM | Updated Date: Mar 23 2019 12:45AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गुरुवार को 184 उम्मीदवारों को पहली लिस्ट जारी कर दी। गुजरात की गांधीनगर सीट से लालकृष्ण आडवाणी की जगह पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि गांधीनगर से आडवाणी का टिकट कटा है। माना जा रहा है कि आडवाणी खुद रिटायर नहीं हो रहे थे, ऐसे में पार्टी ने यह कदम उठाया। पार्टी की गुजरात इकाई ने मांग की थी कि या तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को या शाह को इस बार राज्य से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए। यह भी कहा जा रहा है कि आडवाणी ने तीन-चार दिन पहले पार्टी से कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। नागपुर से पूर्व पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी और लखनऊ से राजनाथ सिंह को ही टिकट दिया गया है। पहली लिस्ट में स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, पूनम महाजन, प्रीतम मुंडे समेत 23 महिलाओं को टिकट दिए गए हैं। बीजेपी की 184 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में महाराष्ट्र से 16, असम से आठ, अरुणाचल प्रदेश से दो, छत्तीसगढ़ और जम्मू कश्मीर से पांच-पांच, कर्नाटक से 21, केरल से 13, ओडिशा से 10, राजस्थान से 16, तमिलनाडु से पांच, तेलंगाना से 10, उत्तराखंड से पांच, पश्चिम बंगाल से 28 और आंध्रप्रदेश से दो उम्मीदवार शामिल हैं।
 
मप्र को लेकर फंसा पेंच
बैठकों के कई दौर के बाद भी मध्यप्रदेश के लिए प्रत्याशियों के नाम का एलान नहीं हो पा रहा है। दोनों ही दल जिताऊ चेहरों की तलाश में हैं। बीजेपी और कांग्रेस का फोकस 29 अप्रैल और 6 मई को होने वाले पहले और दूसरे चरण पर है। सबसे पहले इन्हीं सीटों के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी। भोपाल में घंटों की मैराथन बैठक के बाद अब दिल्ली में मंथन हो रहा है।पार्टी के दिग्गज नेताओं ने होली के बाद दिल्ली में डेरा डाल लिया है।
 
भाजपा के हुए गंभीर
पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर लोकसभा चुनाव से पहले टीम भाजपा  में शामिल हो गए हैं। वित्तमंत्री अरुण जेटली और रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में  दिल्ली में उन्होंने भाजपा जॉइन की। लंबे समय से इस बात की चर्चा थी कि वे राजनीति में उतर सकते हैं। वे ट्विटर पर अकसर अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते रहे हैं। चर्चा यह भी है कि उन्हें दिल्ली से ही लोकसभा का टिकट दिया जा सकता है। 
 
शिवसेना ने 21 नाम जारी किए
महाराष्ट्र  के लिए शिवेसना ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 21 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। महाराष्ट्र में कुल 48 लोकसभा सीटें हैं जिसमें शिवसेना के हिस्से में 23 सीटें आई हैं।दक्षिण मुंबई से अरविंद सावंत, दक्षिण-मध्य मुंबई से राहुल शेवाले, उत्तर-पश्चिम मुंबई से गजानन कीर्तिकर, ठाणे से राजन विचारे, कल्याण से श्रीकांत शिंदे, रायगड से अनंत गिते और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से विनायक राऊत को टिकट दिया गया है। 
 
बिहार में कांग्रेस को नौ सीटें
बिहार में आरजेडी, कांग्रेस, हम और रालोसपा के बीच सीट शेयरिंग का फॉमूर्ला आखिरकार तय हो गया। 12 सीटों की मांग करने वाली कांग्रेस पार्टी नौ सीटों पर राजी हो गई है और इसके साथ ही बिहार राज्यसभा की पहली सीट भी कांग्रेस को मिलेगी। वहीं दूसरी तरफ आरजेडी को महागठबंधन में 20, एनडीए छोड़कर महागठबंधन में शामिल होने वाले रालोसपा को पांच सीटें और वीआईपी को तीन सीटें मिली हैं। महागठबंधन में माले को भी जगह मिली है और शरद यादव भी चुनाव लड़ेंगे। महागठबंधन में आरजेडी को यूं तो 20 मिली है लेकिन वह अपने 17 उम्मीदवार की चुनावी मैदान में उतार पाएगी। इसकी वजह है सीट शेयरिंग का वह फॉमूर्ला जो महागठबंधन में तय हुआ है। इसके मुताबिक, आरजेडी के चुनाव चिन्ह पर माले का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा। इतना ही नहीं शरद यादव और उनकी पार्टी का एक उम्मीदवार भी आरजेडी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे। ऐसे होने पर आरजेडी के खाते की तीन सीटें महागठबंधन के अन्य उम्मीदवारों के पास चली जाएंगी और आरजेडी सिर्फ 17 उम्मीदवार लोकसभा चुनाव में उतारेगी। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »