19 Apr 2024, 11:51:10 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

हरमीत और अईहिका बने चैंपियन, भारत ने जीते सभी 7 स्वर्ण

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 23 2019 1:41AM | Updated Date: Jul 23 2019 1:41AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कटक। हरमीत देसाई और अईहिका मुखर्जी ने 21वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सोमवार को क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में चैंपियन बनाने का गौरव हासिल कर लिया जबकि भारत ने प्रतियोगिता में सभी सात स्वर्ण पदकों पर हाथ साफ कर दिया। मेजबान भारत ने प्रतियोगिता में सात स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीते जबकि इंग्लैंड ने दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते। सिंगापुर ने छह कांस्य पदक, मलेशिया ने एक कांस्य पदक और नाइजीरिया ने एक कांस्य पदक जीता। भारत का किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पुरुष एकल फाइनल में हरमीत ने हमवतन जी सत्यन को 9-11, 6-11, 11-5, 11-8, 17-15, 7-11, 11-9 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता।

देसाई ने 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। सत्यन ने मुकाबले में 3-3 से बराबरी हासिल की लेकिन हरमीत ने निर्णायक गेम जीतकर खिताब अपने नाम किया। महिला एकल फाइनल में अईहिका मुखर्जी ने हमवतन मधुरिका पाटकर को 11-6, 11-4, 11-9, 19-17 से हराकर पहली बार इस प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता।

एंथनी अमलराज और मानव ठक्कर ने शीर्ष वरीय सत्यन और अचंत शरत कमल को  8-11, 11-6, 13-11, 12-10 से पराजित कर पुरुष युगल का खिताब जीता। महिला युगल में पूजा सहस्रबुद्धे और कृत्तविका सिन्हा रॉय ने हमवतन श्रीजा अकुला और मौसमी पॉल को 11-9, 11-8, 9-11, 12-10 से पराजित कर सोना अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले दोनों टीम वर्ग और मिश्रित युगल के स्वर्ण जीते थे। सत्यन और अर्चना कामथ की जोड़ी ने कल सिंगापुर की जोड़ी पेंग यू इन कोएन और गोई रुई जुआन को 11-1, 11-7, 11-4 से हराकर मिश्रित युगल का स्वर्ण जीता था।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »