23 Apr 2024, 20:28:10 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा सेंसेक्स - लगातार 7वें दिन...

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 4 2019 4:35PM | Updated Date: Nov 4 2019 4:35PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। अमेरिका और चीन के बीच करीब डेढ़ साल से जारी व्यापार युद्ध समाप्त होने की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजार सोमवार को लगातार सातवें दिन तेजी में रहे और बीएसई का सेंसेक्स 136.93 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 40,301.96 अंक की रिकॉर्ड ऊँचाई पर बंद हुआ। सेंसेक्स बीच कारोबार में नया कीर्तिमान बनाता हुआ  40,483.21 अंक तक पहुँचने में भी कामयाब रहा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी बीच कारोबार में 11,989.15 अंक तक चढ़ने के बाद 54.55 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त में 04 जुलाई के बाद के उच्चतम स्तर 11,945.15 अंक पर बंद हुआ।
 
अमेरिका और चीन ने गत शुक्रवार को कहा था कि व्यापार युद्ध को लेकर जारी वार्ता में सकारात्मक प्रगति हुई है। अधिकारियों ने बताया कि एक महीने के भीतर इस संबंध में समझौते की उम्मीद है। इससे विदेशी बाजारों में आज तेजी देखी गयी। विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू बाजारों में शुरू से ही तेजी रही। सेंसेक्स 128.82 अंक चढ़कर 40,293.85 अंक पर खुला और दोपहर से पहले ही 40,483.21 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया। आॅटो सेक्टर पर बने दबाव के कारण दोपहर बाद इसकी तेजी कुछ कम हुई, लेकिन यह पूरे दिन हरे निशान में बना रहा। 40,186.29 अंक के दिवस के निचले स्तर से होता हुआ यह गत दिवस की तुलना में 136.93 अंक ऊपर 40,301.96 अंक पर बंद हुआ जो अब का रिकॉर्ड बंद स्तर है।
 
इंफोसिस, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों ने सेंसेक्स की बढ़त में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेंसेक्स में मारुति सुजुकी और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर सबसे ज्यादा टूटे।  बीएसई की मझौली कंपनियों के सूचकांक मिडकैप में 0.01 प्रतिशत की मामूली तेजी रही और यह 14,892.15 अंक पर बंद हुआ। स्मॉलकैप 0.22 प्रतिशत की बढ़त में 13,630.66 अंक पर पहुँच गया। बीएसई में कुल 2,755 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,430 कंपनियों के शेयर बढ़त में और 1,152 कंपनियों के शेयर गिरावट में रहे जबकि 173 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतत: अपरिवर्तित रहे। 
 
निफ्टी 38.30 अंक की तेजी के साथ 11,928.90 अंक पर खुला। इसका दिवस का उच्चतम स्तर 11,989.15 अंक और निचला स्तर 11,905.35 अंक रहा। अंतत: यह गत दिवस की तुलना में 54.55 अंक ऊपर 11,945.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 50 में से 27 कंपनियों में तेजी और शेष 23 में गिरावट रही। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »