29 Mar 2024, 15:32:09 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

बैकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में बिकवाली से टूटा शेयर बाजार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 30 2019 4:50PM | Updated Date: Sep 30 2019 4:52PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। बैकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों के साथ स्वास्थ्य और रियलिटी में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 155.24 अंक यानी 0.40 प्रतिशत टूटकर 38,667.33 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 35.15 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,477.25 अंक पर आ गया। बैकिंग एवं वित्तीय कंपनियों के सूचकांकों में करीब ढाई प्रतिशत की गिरावट रही।
 
स्वास्थ्य और रियलिटी समूहों का सूचकांक भी डेढ़ फीसदी से ज्यादा टूटा। हालाँकि दूरसंचार के साथ आईटी और टेक क्षेत्र की कंपनियों में लिवाली से बाजार की गिरावट कम जरूर हुई, लेकिन बाजार दुबारा हरे निशान में नहीं लौट सका। सेंसेक्स 50.55 अंक की बढ़त के साथ 38,873.12 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का उच्चतम स्तर भी रहा। खुलते ही सूचकांक लाल निशान में उतर गया। दोपहर तक इसकी गिरावट बढ़कर 400 अंक से ज्यादा हो गयी और यह 38,401.09 अंक के दिवस के निचले स्तर तक टूट गया।
 
कारोबार की समाप्ति पर यह गत दिवस के मुकाबले 155.24 अंक नीचे 38,667.33 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और शेष 13 के हरे निशान में रहे। मझौली और छोटी कंपनियों पर काफी अधिक दबाव रहा। बीएसई का मिडकैप 1.13 प्रतिशत उतरकर 14,104.13 अंक पर और स्मॉलकैप 1.21 प्रतिशत की गिरावट में 13,170.76 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,650 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,711 के शेयर लाल निशान में और 782 के हरे निशान में बंद हुये।
 
शेष 157 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतत: अपरिवर्तित बंद हुये। निफ्टी 21.25 अंक की गिरावट के साथ 11,491.15 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। इसका दिवस का उच्चतम स्तर 11,508.25 अंक और निचला स्तर 11,390.80 अंक रहा। अंतत: यह गत दिवस के मुकाबले 35.15 अंक नीचे 11,477.25 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 50 में से 28 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और शेष 22 के हरे निशान में बंद हुये। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »