20 Apr 2024, 09:13:21 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

दूसरे दिन टूटा शेयर बाजार, निफ्टी 11 हजार से नीचे उतरा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 21 2019 4:57PM | Updated Date: Aug 21 2019 4:57PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन बिकवाली हावी रही और बीएसई का सेंसेक्स 267.64 अंक यानी 0.72 प्रतिशत लुढ़ककर एक सप्ताह के निचले स्तर 37,060.37 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 98.30 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की गिरावट में करीब दो सप्ताह के निचले स्तर 10,918.70 अंक पर बंद हुआ। आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी और आईसीआईसीआई बैंक समेत सेंसेक्स की 30 में से 22 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुये।
 
टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली ब्रिटिश इकाई जगुआर लैंड रोवर के खराब प्रदर्शन के कारण रेटिंग एजेंसी ‘केअर’ द्वारा कंपनी की रेटिंग दीर्घकालीन रेटिंग ‘एए’ से घटाकर ‘एए माइनस’ किये जाने के कारण उसके शेयरों में आज नौ फीसदी से अधिक की गिरावट देखी गयी। कंपनी ने सेंसेक्स में सबसे ज्यादा नुकसान उठाया। स्थानीय स्तर पर जमशेदपुर स्थित संयंत्र में इस महीने तीसरी बाद काम बंद रहने से भी निवेशकों का विश्वास डगमगाया है। येस बैंक के शेयर भी आठ फीसदी से अधिक टूटे।
 
टाटा स्टील में सवा चार प्रतिशत, ओनजीसी में तीन प्रतिशत से अधिक और इंडसइंड बैंक में पौने चार फीसदी की गिरावट रही। हीरो मोटोकॉर्प के शेयर सबसे ज्यादा पौने दो फीसदी चढ़े। सेंसेक्स 29.28 अंक टूटकर 37,328.01 अंक पर खुला। हालाँकि विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर दोपहर से पहले कुछ देर के लिए इसमें तेजी जरूर देखी गयी, लेकिन उसके बाद सूचकांक दुबारा लाल निशान में चला गया। इस दौरान इसका उच्चतम स्तर 37,406.55 अंक रहा।
 
कारोबार की समाप्ति से पहले बाजार में बिकवाली बढ़ गयी। सेंसेक्स 37,022.52 अंक तक उतरने के बाद अंत में गत दिवस के मुकाबले 267.64 अंक नीचे 37,060.37 अंक पर बंद हुआ जो 13 अगस्त के बाद का इसका निचला स्तर है। कमजोर निवेश धारणा का प्रभाव मझौली और छोटी कंपनियों पर ज्यादा पड़ा। बीएसई का मिडकैप 1.32 प्रतिशत की गिरावट में 13,259.48 अंक पर आ गया। स्मॉलकैप 1.43 प्रतिशत लुढ़ककर 12,570.32 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,626 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,825 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और 651 के हरे निशान में बंद हुये।
 
निफ्टी 1.15 अंक की मामूली बढ़त में 11,018.15 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान इसका दिवस का उच्चतम स्तर 11,034.20 अंक और निचला स्तर 10,906.65 अंक दर्ज किया गया। अंतत: यह गत दिवस के मुकाबले 98.30 अंक टूटकर 07 अगस्त के बाद के निचले स्तर 10,918.70 अंक पर बंद हुआ। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »