नई दिल्ली। कांग्रेस नेता हारुन युसूफ, अरविंदर सिंह लवली, अलका लांबा, पूनम आजाद, मुकेश गोयल, आदर्श शास्त्री और प्रियंका सिंह ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किये। कांग्रेस ने पूर्व आम आदमी पार्टी ( आप) नेता सुलांबा को चांदनी चौक, दिल्ली कांग्रेस के नेता युसूफ बल्लीमारान, दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री लवली गांधीनगर, पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष कीर्ति आजाद की पत्नी सुआजाद संगम विहार और गोयल ने आदर्श नगर सीट से चुनावी मैदान में उतारा है।
आप के बागी नेता आदर्श शास्त्री कांग्रेस के टिकट पर द्वारका सीट से चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष योगानंद शास्त्री की पुत्री प्रियंका सिंह ने कांग्रेस की ओर से आरके पुरम सीट से पर्चा दाखिल किया है। कांग्रेस ने 18 जनवरी को अपने 54 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। कांग्रेस और भाजपा ने अभी नई दिल्ली सीट से अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किये हैं, जहां से आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 14 जनवरी को नामांकन दाखिल करने का काम शुरू किया था जो 21 जनवरी तक चलेगा। नामांकन पत्रों की जांच 22 जनवरी को होगी और 24 जनवरी तक पर्चे वापस लिए जा सकेंगे। मतदान आठ फरवरी को होगा और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किये जायेंगे।