लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 05 वर्षीय अनुरक्षणाधीन सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने के लिए अभियान चलाकर अब तक 14594.32 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया है। योजना के तहत निर्मित मार्गो की संतोषजनक अवस्था बनाए रखने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ ही यू.पी.आर.आर.डी.ए. द्वारा नामित स्टेट क्वालिटी मॉनिटर्स (एसक्यूएम) द्वारा नियमित निरीक्षण भी किए जा रहे हैं। \
ग्राम्य विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष में 700 किमी सड़कें निर्मित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके सापेक्ष दिसम्बर 2019 तक 287.13 किमी सड़क निर्मित की जा चुकी है तथा शेष मार्गों पर कार्य प्रगति पर है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 515.34 करोड़ रुपए व्यय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष दिसंबर 2019 तक 224.78 दिया जा चुका है। योजना के तहत प्रदेश में वर्ष 2018-19 में नई तकनीकी का प्रयोग कर 184.50 किलोमीटर सड़कों का निर्माण प्रस्तावित किया गया।
जिसमें वेस्ट प्लास्टिक से 93.87 कि.मी., कोल्ड मिक्स से 22.25 कि.मी., नैनो टेक्नोलॉजी से 59.96 कि.मी., फ्लाई ऐश से 5.95 कि.मी. तथा सीसी ब्लॉक 1.19 कि0मी० सम्म्मिलित है। योजना के अंतर्गत प्रदेश में अद्यतन तकनीकों का प्रयोग करते हुए अब तक 28.72 कि.मी. सड़क निर्माण किया जा चुका है एवं अन्य कार्य प्रगति पर है।