29 Mar 2024, 14:03:53 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

आर्थिक, राजनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ गया भारत: चिदम्बरम

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 15 2019 1:14AM | Updated Date: Dec 15 2019 1:14AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री पी चिदम्बरम ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंदी के कारण देश न सिर्फ आर्थिक रूप से बल्कि राजनीतिक रूप से भी अलग-थलग पड़ गया है और पूरी दुनिया पूछ रही है कि आखिर भारत में हो क्या रहा है। चिदम्बरम ने शनिवार को यहां रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘भारत बचाओ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि छह साल पहले भारतीय जनता पार्टी ने मोदी के नेतृत्व में जब सत्ता संभाली थी तो देश आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत था और प्रगति के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहा था लेकिन पिछले छह साल में खासकर गत छह माह में देश की स्थिति बहुत गड़बड़ा गयी है।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने 10 साल के शासन में 14 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था और मोदी सरकार को एक मजबूत भारत सौंपा था लेकिन आज अर्थव्यवस्था की स्थिति बहुत खराब हो गयी है और हर दिन आर्थिक स्तर पर बुरी खबर आ रही है। कभी निर्यात घटने की तो कभी आर्थिक विकास का अनुमान गिरने की खबर आती है।  देश में सिर्फ 49 प्रतिशत ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार इस स्थिति से बाहर आने का प्रयास नहीं कर रही है। भारतीय रिवर्ज बैंक से एक लाख 75 हजार करोड़ रुपए निकाले गये और इनमें से निवेश की उम्मीद में आठ सौ उद्योगपतियों को एक लाख 40 हजार करोड़ दिए गये हैं लेकिन कहीं कोई निवेश नहीं आ रहा है।
 
उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्तर पर इस देश को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू तथा बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर के भारत की बजाय गोलवलकर तथा सावरकर की विचारधारा का देश बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर अस्थिर हो गया है और पूरी दुनिया में हम अकेले पड़ गये हैं। जम्मू-कश्मीर में स्थिति ठीक नहीं है और पूर्वोत्तर जल रहा है। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भारत यात्रा टाल दी है। यहां तक की बंगलादेश के मंत्रियों ने भी भारत यात्रा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। इस तरह से हम पूरी दुनिया में आर्थिक तथा राजनीतिक स्तर पर अलग-थलग पड़ गये हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »