पटना। बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने हैदराबाद दुष्कर्म एवं हत्या मामले के चारो आरोपियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में ऐसे जघन्य अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। राबड़ी देवी ने आज यहां कहा कि बिहार में ऐसा घिनौना कार्य करने वालों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। बिहार के मुख्यमंत्री ने सदा ऐसे आरोपियों को बचाया है। उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में प्रतिदिन सैंकड़ों बलात्कार की घटनाओं के बारे में सुन व्यथित हो जाती हूं।
मैं नेता से पहले मां हूं।’’पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सरकार पस्त, विधि व्यवस्था ध्वस्त और गुंडे-बलात्कारी मस्त है। अबतक मुजफ्फरपुर बालिका अल्पावास गृह यौन शोषण मामले के आरोपियों को सजा नहीं मिली है। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कोई काहे नहीं सवाल पूछता।’’राबड़ी देवी ने कहा कि बलात्कार जैसा जघन्य अपराध करने वालों को निश्चित रूप से तय समय सीमा के अंदर कानूनन सजा मिलनी चाहिए।