24 Apr 2024, 15:24:07 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

खेती-किसानी में उन्नत तकनीकी की अहम भूमिका है: सूर्य प्रताप शाही

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 20 2019 1:22AM | Updated Date: Nov 20 2019 1:22AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि बदलते परिवेश में आज खेती-किसानी में उन्नत तकनीकी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने के लिये कृषि विभाग के सौजन्य से ‘‘वैज्ञानिकों की बात-किसानों के साथ’’ विषय पर शीर्ष कृषि वैज्ञानिकों के साथ प्रदेश भर के किसानों द्वारा सीधा संवाद किया गया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच हुये इस संवाद का लाभ सिर्फ उत्तर प्रदेश के ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के किसानों को होगा। शाही आज यहां योजना भवन स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल में प्रदेश के सभी 75 जिलों में एनआईसी केन्द्र में उपस्थित महिला एवं पुरूष किसानों को सम्बोधित कर रहे थे।
 
उन्होंने कहा कि ‘‘वैज्ञानिकों की बात-किसानों के साथ’’ विषय पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के किसानों को जागरूक करने का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि करने के लिये आवश्यक है कि कृषि की लागत में कमी लायी जाय। उन्होंने कृषि लागत में कमी लाने के लिये कृषि की उन्नत तकनीकों के प्रयोग एवं रासायनिक उर्वरक के स्थान पर जैविक उर्वरक तथा वर्मी कम्पोस्ट के प्रयोग को बढ़ावा दिये जाने पर जोर दिया। कृषि मंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि कृषि उत्पादों को पारम्परिक तौर पर न बेचकर इन्हें विभिन्न उप उत्पादों के रूप में प्रसंस्कृत करते हुये वैल्यू एडीशन कर मुनाफा बढ़ाया जा सकता है।
 
साथ ही इस कार्य में महिलायें सबसे ज्यादा योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस अभिनव प्रयोग का उद्देश्य जहां एक ओर किसानों की आय में वृद्धि करना है, वहीं दूसरी ओर किसानों को आत्मनिर्भर बनाना भी है। इस मौके पर विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि कृषि क्षेत्र में पुरूषों के साथ साथ महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी के अनुरूप उन्हें हस्सेदारी नहीं मिल पा रही है। इसके लिये उन्हें और अधिक सशक्त बनाये जाने की जरूरत है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »