शिमला। हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों कांगड़ा जिले की धर्मशाला और सिरमौर जिले की पच्छाद (सुरक्षित) पर उपचुनाव के लिए आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया जो सायं छह बजे तक चलेगा। दोनों सीटों पर परम्परागत रूप से राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच है। पच्छाद सीट पर भाजपा की रीना कश्यप का मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगू राम मुसाफिर से हैं। भाजपा से बागी हुई दयाल प्यारी बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इस सीट पर दो और निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। धर्मशाला सीट पर भाजपा के विशाल नैहरिया और कांग्रेस उम्मीदवार विजय कर्ण सिंह के बीच मुकाबला है। इस चुनाव में चार अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 202 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें पच्छाद में 113 और धर्मशाला में 89 मतदान केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त धर्मशाला के दाड़ी में एक सहायक मतदान केंद्र भी स्थापित किया गया है।
धर्मशाला में जहां करीब 82 हजार मतदाता हैं, वहीं पच्छाद में 75 हजार मतदाता हैं। धर्मशाला सीट से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) विधायक एवं खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रहे किशन कपूर तथा सिरमौर जिले की पच्छाद सीट से पार्टी के विधायक सुरेश कश्यप के गत लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज कर संसद में पहुंचने के कारण ये उपचुनाव कराए जा रहे हैं।