29 Mar 2024, 11:44:57 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव सोमवार को, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 21 2019 12:08AM | Updated Date: Oct 21 2019 12:08AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधान सभा की 288 और हरियाणा विधान सभा की  90 सीटों के लिए सोमवार को होने वाले चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष  कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दोनों राज्यों में विधान सभा चुनावों  के साथ ही अन्य राज्यों में लोक सभा और विधान सभा सीटों पर उपचुनाव भी कराये जा रहे हैं। इन चुनावों के लिए प्रचार शनिवार शाम थम गया था दोनों राज्यों में विधान सभा चुनावों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। महाराष्ट्र में पहली बार वोटर वेरीफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल(वीवीपैट) मशीन का उपयोग किया जायेगा। सूत्रों के अनुसार 46 निवार्चन क्षेत्रों के 96661 मतदान केन्द्रों पर करीब 1.35 लाख वीपीपैट मशीनें और 1.80 लाख ईवीएम  लगायी जायेंगी और1.27 कंट्रोल यूनिट रहेंगी।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 3239 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें 150 महिला उम्मीदवार भी राजनीतिक  किस्मत आजमा रही हैं। राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी -शिवसेना-रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की महागठबंधन और कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बीच है। चुनाव प्रचार के दौरान इन दलों ने एक-दूसरे पर जम कर हमला किया। चुनाव प्रचार में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद सनी देओल जैसे कई दिग्गज नेता जुटे। भाजपा ने वीर सावरकर को भारतरत्न देने का मुद्दा उछाला, जिस पर सियासत गर्म रही है। विपक्षी दलों ने इसे लेकर भाजपा को घेरा ,वहीं भाजपा ने हर रैली में सावरकर को भारतरत्न देने की मांग दोहराई।

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने पाकिस्तान और कश्मीर का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। शिवसेना की ओर से पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और उनके सुपुत्र आदित्य ठाकरे ने जोरदार प्रचार किया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे अकेले ने  जनता से उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देने की मांग की। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, अशोक चव्हाण, सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण ने मोर्चा संभाला था। कांग्रेस ने इस चुनाव प्रचार में आर्थिक मंदी को मुद्दा बनाया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्टी  अध्यक्ष शरद पवार और उनके भतीजे अजीत पवार ने चुनाव प्रचार में खूब पसीना बहाया। राकांपा ने चुनाव प्रचार में किसानों की आत्महत्या और आर्थिक मंदी पर सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लिया।

चुनाव आयोग कार्यालय सूत्रों के अनुसार मतदन प्रात: सात  बजे से सायं छह बजे तक मतदान होगा। हरियाणाचुनाव मैदान में कुल 1168 उम्मीदवार  हैं। इनमें सर्वाधिक प्रत्याशी हिसार में 118 और सबसे कम मेवात एवं पलवल में  35-35 हैं। अंबाला जिले में 36, झज्जर में 58, कैथल 57, कुरुक्षेत्र 44,  सिरसा 66, यमुनानगर 46, महेंद्रगढ़ 45, चरखी दादरी 27, रेवाड़ी 41, जींद  63, पंचकूला 24, फतेहाबाद 50, रोहतक 58, पानीपत 40, सोनीपत 72, फरीदाबाद  69, भिवानी 71, करनाल 59 और गुड़गांव 54 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में मुख्य रूप से मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा  और कांग्रेस के बीच देखा जा रहा है। दोनों दल सभी 90-90 सीटों पर चुनाव  लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में वर्ष 2014 में 19 सीटें जीत पर दूसरे नम्बर  पर ही इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) दो फाड़ होकर अब इसमें से जननायक जनता  पार्टी(जजपा) अस्तित्व में आ चुकी है।

इनेलो और जजपा कुछ सीटों पर मुकाबले  को त्रिकोणीय बनाएंगे। बहुजन समाज पार्टी(बसपा), आम आदमी पार्टी(आप),  स्वराज इंडिया, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी(लोसुपा) ने भी कुछ कुछ सीटों पर  अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। वर्ष 2014 के विधानसभा  चुनावों में भाजपा 47, इनेलो 19, कांग्रेस 15, शिरोमणि अकाली दल और बसपा  एक-एक, हरियाणा जनहित कांग्रेस दो तथा पांच सीटों पर निर्दलीय विजयी रहे  थे। हजकां का बाद में कांग्रेस में विलय हो गया था। वहीं पांच साल का कार्यकाल समाप्त होते होते इनेलो भी बिखर गई। इसके कुछ विधायक और नेता भाजपा, कांग्रेस और जजपा में चले गये।

इस चुनाव में मुख्य उम्मीदवारों में सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से राज्य  के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर(करनाल), उनके कैबिनेट सहयोगी रामविलास  शर्मा(महेंद्रगढ़), कैप्टन अभिमन्यु(नारनौंद), ओमप्रकाश धनकड़(बादली), अनिल  विज (अम्बाला), कविता जैन(सोनीपत), कृष्णलाल पंवार(इसराना), कणदेव  कम्बोज(रादौर), प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला(टोहाना), विधानसभा  अध्यक्ष कंवलपाल गुर्जर (जगाधरी), ओलम्पियन संदीप सिंह (पिहोवा), योगेश्वर  दत्त (बरौदा), बबीता फोगाट(दादरी), कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री  भूपेंद्र सिंह हुड्डा(गढ़ी सांपला किलोई), रणदीप सिंह सुरजेवाला (कैथल),  पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा(गन्नौर) और रघुबीर सिंह कादियान(बेरी), किरण चौधरी (तोशाम), गीता भुक्कल(झज्जर), कर्ण सिंह  दलाल  (पलवल) और कुलदीप सिंह बिश्नोई(आदमपुर), इनेलो के अभय सिंह चौटाला  (ऐलनाबाद) और जजपा की नैना चौटाला(बाढड़ा) हैं।

राज्य में  इस बार कुल 1,83,90,525 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें  98,78,042 पुरूष और 85,12,231 महिला, 252 ट्रांस जेंडर और 1,07, 955 सर्वित  मतदाता हैं। राज्य में कुल 19578 मतदान केंद्र बनाए गये हैं। इनमें 19425  नियमित और 153 सहायक मतदान केंद्र हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 13837 और शहरी  क्षेत्र में 574 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। पुलिस के  अनुसार चुनावों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव स्वतंत्र,  निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के लिये केंद्रीय  अर्द्धसैनिक बलों की 130 कम्पनियां तैनात की गई हैं। इनके अलावा राज्य में  लगभग 75000 हजार पुलिसकर्मी भी तैनात किये गये हैं जिनमें 26,896 पुलिस और  22,806 होमगार्ड के जवान, 7,936 विशेष पुलिस अधिकारी और छह हजार पुलिस  प्रशिक्षु शामिल हैं। 

 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »