समस्तीपुर। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक सशक्त राष्ट्र बन गया है और पाकिस्तान ने यदि परमाणु हमला किया तो उसका नामोनिशान पूरी दुनिया से मिट जायेगा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राय ने यहां जितवारपुर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक लोक जनशक्ति पार्टी प्रत्याशी प्रिंस राज के पक्ष में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की सशक्त इच्छाशक्ति से देश आज चांद पर भी पहुंच गया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने यदि भारत पर परमाणु हमला किया तो उसको नेस्तोनाबूद ही नहीं दुनिया के नक्शे से भी मिटा दिया जायेगा। राय ने कहा कि भारत आज विकसित देश बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार में आमलोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है, जिसका उदाहरण गरीबों, शोषितों एवं कमजोर वर्गों के घरों में बिजली और शौचालय समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध होना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक घर विहीन लोगों को पक्का मकान मुहैया करा दिया जायेगा।