दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में बिरौल थाना क्षेत्र के कोठी पुल के निकट आज सुबह स्कूटी की ठोकर से स्थानीय अनुमंडल पदाधिकारी के अंगरक्षक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पुलिस जवान नवल किशोर सिंह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान उन्हें पीछे से एक स्कूटी सवार ने ठोकर मार दी और फरार हो गया। इस दुर्घटना में सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया है। साथ ही इसकी सूचना जिला मुख्यालय को दे दी है। पुलिस स्कूटी सवार की तलाश में जुट गई है।