पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी संभालने के बाद पहली बार आज पटना पहुंचे सांसद संजय जायसवाल का कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया। जायसवाल के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता यहां के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पर मौजूद थे। जयसवाल को दोपहर में ही यहां आना था लेकिन पटना हवाईअड्डे पर तकनीकी कारणों से उड़ान सेवा बाधित रहने के कारण उनके कार्यक्रम को लगभग चार घंटे के लिए बढ़ा दिया गया। नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए दोपहर से ही पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हवाईअड्डा पर जुटने लगे थे। प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल के यहां हवाईअड्डा पहुंचने के बाद सीधे वह पार्टी के प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हो गए। भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में मौजूद थे। जयसवाल का नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान कुछ उत्साही कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे थे।