मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व ब्रज के मंदिरों में चल रहे कार्यक्रमों एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा से शुक्रवार को ब्रजभूमि का कोना कोना कृष्णमय हो उठा है। जन्माष्टमी को यादगार बनाने के लिए जहां राज्य सरकार का संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद अनूठे कार्यक्रमों का आयोजन करा रहा है वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस अवसर पर 24 अगस्त को मथुरा पहुंचेंगे। वे जहां वृन्दावन में तीर्थयात्रियों के लिए फैसिलिटेशन सेन्टर का उदघाटन करेंगे वहीं मथुरा में वे श्रीकृष्ण जन्मस्थान में दर्शन करेंगे तथा अपरान्ह रामलीला मैदान पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। प्रदेश का संस्कृति, पर्यटन एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ आज उत्तर प्रदेश के संस्कृति, डेयरी, पशुधन एवं मत्स्य विभाग के मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने केसरिया पताका दिखाकर किया तो वातावरण ’’वंशीवाले की जय और जय जय श्रीराधे’’ के जयकारों से गूंज उठा।
इस शोभायात्रा को देखकर लाखों तीर्थयात्री अभिभूत हो गये। इसके माध्यम से उन्हें विभिन्न प्रांतों में मनाई जा रही जन्माष्टमी की झलक भी मिल रही थी। शोभायात्रा में प्रदेश के संस्कृति मंत्रीऔर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष के अलावा जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर, श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा समेत ब्रज के प्रमुख संत, कलाकार तथा गणमान्य व्यक्ति तथा प्रदेश सरकार के अधिकारी भी चल रहे थे। शोभा यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। परिषद के उपाध्यक्ष राकेश तिवारी ने भगवान श्रीकृष्ण के पटचित्र पर माला पहनाकर आरती उतारी। शोभायात्रा का समापन होली गेट के निकट नगर निगम कार्यालय पर हुआ।