भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज राज्य की कांग्रेस सरकार की माफियाओं के खिलाफ मुहिम की आड़ में आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दीं। भाजपा द्वारा यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारियां दी।
इंदौर में प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान, खण्डवा में सांसद नंदकुमारसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जबलपुर में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, छतरपुर में भूपेन्द्र सिंह, टीकमगढ में लालसिंह आर्य, उज्जैन में बंशीलाल गुर्जर, सत्यनारायण जटिया, धार में उषा ठाकुर, अलीराजपुर में रंजना बघेल, खरगोन में जीतू जिराती सहित वरिष्ठ नेताओं जिलों में पहुंचकर आंदोलन का नेतृत्व किया गया।
खंडवा में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने प्रदेश में भू माफियों और अतिक्रमण के नाम पर हो रही भेदभावपूर्ण कार्यवाही का विरोध करते हुए कहा कि सरकार की अतिक्रमण मुहिम में भाजपा को तोड़ो और कांग्रेस को छोड़ों की नीति नहीं होना चाहिए। हम भू माफियाओं के अतिक्रमण को हटाने का स्वागत करते हैं, लेकिन किसी भी हालत में भेदभाव स्वीकार नहीं करेंगे।
जबलपुर में आंदोलन का नेतृत्व करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में अराजकता की स्थिति है और सरकार जनता से किये वादों को पूरा करने की बजाय माफिया के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्यवाही कर रही है। छतरपुर में पूर्व गृह मंत्री व विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार माफियाओ के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता को निशाना बना रही है। टीकमगढ़ में पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है।
ब्यावरा में जिस तरह कार्यकर्ताओं के साथ गुंडागर्दी की गयी उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उज्जैन के कलेक्टर कार्यालय घेराव के दौरान पार्टी प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने आंदोलन में कहा कि किसान कर्जमाफी के झूठ से कांग्रेस की प्रदेश सरकार बनी है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य नगरों में भी भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए राज्य सरकार पर भेदभाव पूर्व कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।