28 Mar 2024, 22:33:56 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

माफियाओं के नाम पर आम व्यक्ति को प्रताड़ति करने का आरोप, शुक्रवार को भाजपा का प्रदर्शन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 24 2020 12:59AM | Updated Date: Jan 24 2020 12:59AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर 'माफियाओं के खिलाफ' कार्रवाई के नाम पर आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ति करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि पार्टी शुक्रवार को इसके खिलाफ राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शन करेगी। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष विजेश लूनावत ने यहां पत्रकारों को बताया कि राज्य में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव ने सभी संभागायुक्तों को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री की एक टिप्पणी का जिक्र भी इस पत्र में किया है। इस टिप्पणी में लिखा है कि सरकार के पास आम लोगों को परेशान करने और नोटिस जारी करने की सूचनाएं आ रही हैं।
 
लूनावत ने कहा कि इस पत्र से साबित हो गया है कि भाजपा के ये आरोप सच हैं कि प्रशासन माफिया के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहा है। सरकार और प्रशासन की इसी नीति के खिलाफ शुक्रवार को भाजपा राज्य में विभिन्न जिलों में प्रदर्शन करेगी। इस दौरान कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। लूनावत ने कहा कि प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह इंदौर में और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में करेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक भी विभिन्न जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि दरअसल राज्य सरकार के प्रभावी लोग ही अवैध कार्यों में लिप्त हैं। ये लोग परिवहन, शराब और खनन से जुड़े कार्यों में लिप्त हैं।
 
इनके इशारों पर प्रशासन भाजपा के चुने हुए लोगों को प्रताड़ति करने का कार्य कर रहा है। राजगढ़ जिले में सार्वजनिक मंच से एक पार्टी नेता द्वारा महिला कलेक्टर के खिलाफ की गयी टिप्पणी के संबंध में लूनावत ने कहा कि कोई भी कार्रवाई नियम, कानून और लोकतंत्र के दायरे में होना चाहिए। महिलाओं का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है, लेकिन इससे राजगढ़ कलेक्टर और अन्य महिला अधिकारी के अपराध कम नहीं हो सकते हैं। नियम कानूनों से ऊपर कोई नहीं है।
a
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »