शिमला। हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों धर्मशाला और पच्छाद (सुरक्षित) पर उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार को होगा। यह सीटें विधायकों किशन कपूर और सुरेश कश्यप के लोकसभा चुनाव लड़ने और जीतने के कारण रिक्त की गई थीं। पच्छाद पर भाजपा की रीना कश्यप का मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगू राम मुसाफिर से हैं। भाजपा से बागी हुई दयाल प्यारी तीसरी प्रमुख प्रत्याशी हैं। सीट पर दो और निर्दलीय उम्मीदवार है।
धर्मशाला में मुख्य रूप से मुकाबला भाजपा से विशाल नैहरिया और कांग्रेस उम्मीदवार विजय कर्ण ंिसह के बीच है हालांकि चुनावी मैदान में चार अन्य उम्मीदवार भी हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 202 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें पच्छाद में 113 और धर्मशाला में 89 मतदान केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दाड़ी में एक सहायक मतदान केंद्र भी स्थापित किया गया है। धर्मशाला में जहां करीब 82 हजार मतदाता हैं, वहीं पच्छाद में 75 हजार मतदाता हैं।