नैनीताल। दिल्ली से उत्तराखंड घूमने आये पर्यटकों की कार रविवार को बरसाती नाले में बह गयी जिससे दो महिला पर्यटकों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य लापता है। घटना में घायल चार पर्यटकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और लापता पर्यटक की खोजबीन की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के रोहिणी व शास्त्रीनगर से विकास केडिया व सुधीर गर्ग का परिवार रामनगर घूमने आया था। विकास व सुधीर के साथ क्रमश: उनकी पत्नी रचना व शिखा गर्ग के अलावा पुत्री सुहानी, बेटा अर्पित गर्ग व एक अन्य युवती बानिया भी साथ में आये थे। विकास व सुधीर आपस में साढू थे। सभी पर्यटक इनोवा कार से मरचूला जा रहे थे। इसी बीच कार्बेट पार्क के पास धनगढ़ी बरसाती नाला ऊफान पर होने के चलते उनकी कार नाले में बह गयी और इस दुर्घटना में कुछ पर्यटक भी बहने लगे।
मौके पर काफी लोग मौजूद थे लेकिन पानी के रौद्र रूप को देखकर कोई भी पर्यटकों को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गयी। मौके पर राहत व बचाव कार्य चलाया गया और पर्यटकों की तलाश की गयी। कुछ देर बाद रचना व शिखा गर्ग का शव बरामद कर लिया गया। विकास केडिया अभी भी लापता बताये जा रहे हैं। इस दुर्घटना में घायल हुए सुहानी, वानिया, अर्पित व कार चालक सोनू को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कुमाऊं मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) जगतराम जोशी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस की टीम ने काफी देर तक मौके पर बचाव व राहत का कार्य चलाया लेकिन लापता विकास का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुटी हुई है और कल फिर राहत व बचाव कार्य चलाया जायेगा।