नई दिल्ली। कांग्रेस ने दक्षिण दिल्ली सीट से मुक्केबाज विजेन्दर सिंह को आज रात अपना उम्मीदवार घोषित किया और इसके साथ ही पार्टी ने दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने एक विज्ञप्ति में बताया कि विजेन्दर सिंह दक्षिण दिल्ली सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पार्टी ने आज दिन में दिल्ली की छह सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किये थे। इसके साथ ही पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिये अब तक 422 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उत्तर पूर्वी दिल्ली तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को नयी दिल्ली सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। जे पी अग्रवाल को चांदनी चौक सीट से, अरविन्द सिंह लवली को पूर्वी दिल्ली से, श्री महाबल मिश्र को पश्चिमी दिल्ली तथा राजेश लिलोथिया को उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से उम्मीदवार बनाया है।