मुंबई। वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेट आंद्रे रसेल के घर नन्ही परी आई है। इस स्टार क्रिकेटर की पत्नी जैसिम ने गुरुवार को अपनी बेटी के जन्म की जानकारी फैंस के साथ इंस्टाग्राम पर साझा की है। ये 31 वर्षीय रसेल और जैसिम की पहली संतान है, इस कपल ने तीन साल पहले शादी की थी। रसेल ने अपनी बेटी का नाम अमैया रखा है और उसका जन्म फ्लोरिडा के एक अस्पताल में हुआ है। रसेल ने बेटी के जन्म की जानकारी इंस्टाग्राम पर दी है। इस स्टार खिलाड़ी ने अपनी बेटी की नन्ही हथेलियों को पकड़े हुए एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है, 'एक और आशीर्वाद, अमैया एस रसेल का दुनिया में स्वागत है! भगवान सदैव अच्छे होते हैं।
मेरी रानी के लिए शुक्रिया भगवान।' बेटी के जन्म का संदेश साझा करने के बाद से आंद्रे रसेल को दुनिया भर से हजारों की संख्या में बधाई संदेश मिल रहे हैं। क्रिकेट मैदान पर आंद्रे रसेल के लिए 2020 की शुरुआत बेहद शानदार रही है। वह दुनिया भर में टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं। हाल ही में उनकी कप्तानी में राजशाही रॉयल्स ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग का खिताब जीता। फाइनल में 16 गेंदों में 27 रन की जोरदार पारी खेलकर रसेल मैन ऑफ मैच रहे।