26 Apr 2024, 05:27:57 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सौरभ गांगुली की हुई ताजपोशी, BCCI को देंगे नई शुरूआत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 23 2019 4:50PM | Updated Date: Oct 23 2019 4:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के 39वें अध्यक्ष का पदभार संभालने के साथ ही वादा किया कि वह बीसीसीआई को नयी शुरूआत देंगे और भारतीय क्रिकेट को सर्वश्रेष्ठ बनाएंगे।     बीसीसीआई की यहां हुई आम सभा में गांगुली को आधिकारिक रूप से बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। अपनी कप्तानी के समय का ब्लेजर पहने हुये गांगुली ने बीसीसीआई के अध्यक्ष पद का पदभार संभाला। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पिछले 65 वर्षा के इतिहास में वह पहले पूर्व क्रिकेटर हैं जिन्हें इस संस्था के प्रमुख का पद सौंपा गया है। 
 
  इसके साथ ही पिछले 33 महीनों से सर्वाच्च अदालत द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति बीसीसीआई का संचालन संभाल रही थी जिसका कार्यकाल भी पूर्व भारतीय कप्तान की नियुक्ति के साथ आज समाप्त हो गया। गांगुली ने बोर्ड के निर्वाचन अधिकारी एन गोपालस्वामी की उपस्थिति में अपना पद स्वीकार किया। बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने गांगुली को उनका पदभार सौंपा।
 
  इस अवसर पर सीओए प्रमुख विनोद राय और अन्य सदस्य तथा राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि भी इस दौरान मौजूद रहे। गांगुली के अतिरिक्त चार अन्य पदाधिकारियों सचिव जय शाह, कोषाध्यक्ष अरूण सिंह धूमल, संयुक्त सचिव जयेश जार्ज और माहिम वर्मा ने भी सीओए से बोर्ड में अपने पदों को ग्रहण किया। प्रशासकों की समिति की अध्यक्षता पूर्व सीएजी विनोद राय संभाल रहे थे जबकि डायना इडुलजी और लेफ्टिनेंट जनरल रवि थोडगे अन्य सदस्य थे जो बोर्ड के संचालन का काम देख रहे थे।
 
पूर्व कप्तान बीसीसीआई के अध्यक्ष रहे विजियानगरम के महाराजा के बाद इस संस्था के प्रमुख बनने वाले पहले क्रिकेटर हैं। पिछले काफी समय से गांगुली के पास क्रिकेट प्रशासन का अनुभव रहा है, वह वर्ष 2015 में कैब के अध्यक्ष चुने गये थे जिन्हें यह पद जगमोहन डालमिया के आकस्मिक निधन के बाद मिला था। 47 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने वर्ष 1996 में भारतीय टेस्ट टीम में और वर्ष 1992 में वनडे टीम में पदार्पण किया था। देश के सबसे सफल कप्तानों में एक रहे गांगुली के नाम 113 टेस्टों में 7212 रन और 311 वनडे में 15416 रन दर्ज हैं।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »