नईदिल्ली। हीरो महिला इंडियन ओपन गोल्फ टूर्नामेंट महिला यूरोपियन टूर में अपने 10वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस बार इसका आयोजन गुरुग्राम के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में तीन से छह अक्टूबर तक किया जाएगा। टूर्नामेंट में पांच लाख डॉलर की कुल पुरस्कार राशि दी जाएगी जिसमें विजेता को 75 हजार डॉलर, दूसरे स्थान को 45 हजार डॉलर और तीसरे स्थान को 30 हजार डॉलर दिए जाएंगे। शीर्ष तीन गोल्फरों को क्रमश: 300, 180 और 120 आर्डर ऑफ़ मेरिट अंक मिलेंगे। इंडियन ओपन में 60वें और आखिरी स्थान पर रहने वाली गोल्फर को भी 1500 डॉलर और छह मेरिट अंक मिलेंगे। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2007 में हुई थी और यह महिला यूरोपिन टूर का हिस्सा 2009 में बना था। महिला इंडियन ओपन लगातार दूसरे वर्ष चार दिन में 72 होल पर खेला जाएगा।
भारतीय महिला गोल्फ संघ की अध्यक्ष कविता सिंह ने गुरुवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। टूर्नामेंट में इस बार कई युवा भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत चुनौती रहेगी जिन्होंने हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर में शानदार प्रदर्शन किया है। दीक्षा डागर ने तो मार्च में दक्षिण अफ्रीकी महिला ओपन का खिताब था। लगातार टॉप 10 में चल रही वाणी कपूर 2018 में शानदार प्रदर्शन करने वाली गोरिका बिश्नोई, त्वेसा मलिक और रिद्धिमा दिलावरी भारतीय चुनौती संभालेंगी। गत चैंपियन इंग्लैंड की बेकी मोर्गन अपना खिताब बचाने उतरेंगी जबकि 2017 की विजेता फ्रांस की केमिले केवेलियर टूर्नामेंट में मोर्गन के सामने चुनौती पेश करेंगी। टूर्नामेंट में कई विदेशी खिलाड़ियों की मजबूत चुनौती रहेगी।